अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का सड़क पर मोर्चा,अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे ग्रामीण,भसेड़ा-तिरगड्डा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने खोला मोर्चा, हंगामा बढ़ा तो पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल,डायल-112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, समझाइश के बाद शराब बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति पर आबकारी एक्ट व धारा 151 के तहत कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का सड़क पर मोर्चा,अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे ग्रामीण,भसेड़ा-तिरगड्डा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने खोला मोर्चा, हंगामा बढ़ा तो पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल,डायल-112 की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, समझाइश के बाद शराब बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति पर आबकारी एक्ट व धारा 151 के तहत कार्रवाई
कलयुग की कलम उमरिया पान – ग्राम पंचायत भटकवां के ग्राम भसेड़ा-तिरगड्डा में अवैध शराब की बिक्री को लेकर शुक्रवार सुबह ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने गांव में कथित रूप से हो रही अवैध शराब की बिक्री के विरोध में मोर्चा खोलते हुए इसे तत्काल बंद कराने की मांग की। स्थिति की सूचना ग्रामीणों ने डायल-112 को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
बताया गया कि मौके पर ग्रामीणों की संख्या और हंगामा बढ़ता देख डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों ने उमरियापान थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी और स्थिति को शांत कराया। इस दौरान एसआई भरत मार्को, गया प्रसाद मंगोरे, नीलेश पटेल द्वारा ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी गई।
शराब से परिवार प्रभावित होने का महिलाओं का आरोप
विरोध कर रही महिलाओं का कहना था कि गांव में अवैध शराब की बिक्री के कारण कई परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। महिलाओं के अनुसार शराब के नशे में आए दिन घरों में विवाद, झगड़े और मारपीट की स्थिति बनती है, जिसका असर बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों के सामान्य जनजीवन पर भी पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने को लेकर पूर्व में भी शासन-प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या बनी रहने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। इसी के चलते शुक्रवार को महिलाओं सहित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
12 पाव शराब जब्त, मामला तहसील न्यायालय में पेश
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान बबलू ठाकुर के पास से 12 पाव शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब बिक्री के संबंध में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तथा संबंधित व्यक्ति को तहसील न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर स्थिति शांत हुई। ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाई जाए और यदि कोई व्यक्ति नियम विरुद्ध शराब का कारोबार करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।



