गांवों के अधूरे कामों पर सख्ती, समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य पूरे कराने के निर्देश,संचार संकर्म समिति की बैठक में सभापति अजय कुमार गोटिया ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांवों के अधूरे कामों पर सख्ती, समय-सीमा और गुणवत्ता के साथ विकास कार्य पूरे कराने के निर्देश,संचार संकर्म समिति की बैठक में सभापति अजय कुमार गोटिया ने अधिकारियों को दिए निर्देश, ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को बेहतर मूलभूत एवं बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा वर्षों से लंबित निर्माण एवं विकास कार्यों को गति देने को लेकर बुधवार को जिला पंचायत के सभा कक्ष में संचार संकर्म समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति श्री अजय कुमार गोटिया ने की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण नागरिकों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सभापति श्री गोटिया ने कहा कि लंबे समय से अपूर्ण पड़े कार्यों के कारण नागरिकों को सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे कार्यों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ ग्रामीणों को जल्द मिल सके।
निर्माण कार्यों की जमीनी निगरानी पर जोर
बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति सदस्यों ने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की स्थिति को लेकर अपने सुझाव और समस्याएं सदन के समक्ष रखीं। जिला शिक्षा केंद्र कटनी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा विगत वर्षों में कराए गए निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली गई।
सदन ने निर्माणाधीन एवं अपूर्ण कार्यों की विशेष निगरानी करने के निर्देश सहायक यंत्रियों एवं उपयंत्रियों को दिए। अधिकारियों से कहा गया कि कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं और निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
ग्रामीण सुविधाओं के प्रति संवेदनशील रहें अधिकारी
सभापति ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, बिजली, निर्माण सहित नागरिकों से जुड़ी मूलभूत सुविधाओं के मामलों में गंभीरता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं और विकास कार्यों का वास्तविक लाभ ग्रामीण नागरिकों तक पहुंचना प्राथमिकता होना चाहिए।
तालाबों से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
बैठक में मत्स्य पालन से जुड़े विषय पर भी चर्चा हुई। सभापति श्री गोटिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए मत्स्य अधिकारियों को मत्स्य पालन के लिए उपयुक्त तालाबों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे पात्र आवेदकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाने में मदद मिल सकेगी।
अधिकारी और समिति सदस्य रहे मौजूद
बैठक में समिति के सदस्य प्रेमलाल केवट, कविता पंकज राय, माला मौसी, मनोनीत सदस्य राजेश हल्द्कार सहित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग की प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य, विद्युत विभाग के अधीक्षण यंत्री डी.एन. चौकीकर, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



