प्रशासनमध्यप्रदेश

अड़ीबाजी और मारपीट पर उमरियापान पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 24 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार,शराब के लिए पैसों की मांग, गाली-गलौज और हमला करने के मामलों में कार्रवाई; एक नाबालिग विधि-विरुद्ध बालक निरूद्ध

कलयुग की कलम से राकेश यादव

अड़ीबाजी और मारपीट पर उमरियापान पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 24 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार,शराब के लिए पैसों की मांग, गाली-गलौज और हमला करने के मामलों में कार्रवाई; एक नाबालिग विधि-विरुद्ध बालक निरूद्ध

कलयुग की कलम उमरिया पान – थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक 14 वर्षीय नाबालिग को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध किया गया है। पुलिस की यह कार्रवाई घटना की सूचना मिलने के करीब 24 घंटे के भीतर की गई।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कटनी श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में की गई।

शराब के लिए महिला से मांगे पैसे, विरोध पर मारपीट

पहले मामले में पुरवा मोहल्ला निवासी एक महिला द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी कि दुकान के सामने शराब पीने के लिए उससे जबरन पैसों की मांग की गई। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज एवं मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया। शिकायत पर उमरियापान पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दो भाइयों से भी की अड़ीबाजी

दूसरे मामले में मुड़िया पुरवा में दो भाइयों से शराब के लिए पैसों की मांग करने और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाने की शिकायत सामने आई। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा

पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए दोनों मामलों में कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार दोनों बालिग आरोपियों सोमनाथ बर्मन (18 वर्ष 6 माह) एवं आकाश उर्फ अरुण बर्मन (19 वर्ष), दोनों निवासी उमरियापान को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं घटना में शामिल 14 वर्षीय बालक को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध कर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई और उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई की गई।

अड़ीबाजी और गुंडागर्दी पर कार्रवाई जारी रहेगी

पुलिस ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी, गुंडागर्दी, नशे की हालत में आमजन एवं राहगीरों को परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button