प्रशासनमध्यप्रदेश

स्वरोजगार योजनाओं पर कलेक्टर सख्त बैंकों में अटके स्वरोजगार के प्रकरण अब नहीं होंगे लंबित! कलेक्टर तिवारी ने दिए सख्त निर्देश—पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में मिले योजनाओं का लाभ, विभाग और बैंक बेहतर समन्वय से करें काम

कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्वरोजगार योजनाओं पर कलेक्टर सख्त बैंकों में अटके स्वरोजगार के प्रकरण अब नहीं होंगे लंबित! कलेक्टर तिवारी ने दिए सख्त निर्देश—पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में मिले योजनाओं का लाभ, विभाग और बैंक बेहतर समन्वय से करें काम

कलयुग की कलम कटनी – शासन की स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने को लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों और बैंकर्स को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं से जुड़े विभाग बैंक अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करें, ताकि पात्र हितग्राहियों के ऋण एवं सहायता संबंधी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहें और निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण हो सके।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसीसी) की बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न स्वरोजगार एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन सहित अन्य योजनाओं के तहत स्वीकृत एवं बैंकों में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी ली गई।

कलेक्टर तिवारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय योजनाओं का उद्देश्य पात्र लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें स्वरोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। ऐसे में विभागीय अधिकारियों और बैंकर्स के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरत कौर, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहान, लीड बैंक मैनेजर मेजरस किंडो, आरबीआई एलडीओ धीरज गुप्ता, नाबार्ड डीडीएम विकास कुमार जैन, आरसेटी डायरेक्टर पवन कुमार गुप्ता सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं बैंकर्स उपस्थित रहे। उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, आदिम जाति कल्याण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंक अधिकारियों का सम्मान

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने पर भारतीय स्टेट बैंक, कटनी के रीजनल मैनेजर तथा इंडियन ओवरसीज बैंक, कटनी के शाखा प्रबंधक को कलेक्टर आशीष तिवारी ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कलेक्टर ने बैंक अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे इसी तरह पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों के त्वरित निराकरण में सहयोग करते रहें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ मिल सके।

Related Articles

Back to top button