जन-जन तक पहुंचेगा प्रशासन: आज से शुरू हुआ ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’, हर शुक्रवार गांवों में लगेगा समाधान शिविर,खितौली पंचायत भवन से होगा अभियान का शुभारंभ, अधिकारियों को मौके पर शिकायतों के निराकरण और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन-जन तक पहुंचेगा प्रशासन: आज से शुरू हुआ ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’, हर शुक्रवार गांवों में लगेगा समाधान शिविर,खितौली पंचायत भवन से होगा अभियान का शुभारंभ, अधिकारियों को मौके पर शिकायतों के निराकरण और योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, शासकीय योजनाओं की प्रभावी निगरानी और लोक सेवाओं को समय-सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में शुक्रवार से ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ का शुभारंभ हो रहा है। अभियान के तहत अब प्रत्येक शुक्रवार प्रशासन गांवों और शहरों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद करेगा तथा अधिकतम शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना लागू करते हुए अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर तथा नगरीय क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
खितौली से होगी शुरुआत, कई पंचायतों के लिए लगेंगे शिविर
अभियान का पहला कार्यक्रम शुक्रवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के खितौली पंचायत भवन में आयोजित होगा। यहां खितौली, बुजबुजा, गैरतलाई सहित विभिन्न क्लस्टरों की दर्जनों ग्राम पंचायतों और बरही नगर क्षेत्र के वार्डों के नागरिकों के लिए संयुक्त जन-संवाद एवं समाधान शिविर लगाए जाएंगे, जहां अधिकारी स्वयं उपस्थित रहकर समस्याएं सुनेंगे और उनके निराकरण की कार्रवाई करेंगे।
सीएम हेल्पलाइन से लेकर लोक सेवा गारंटी तक होगी समीक्षा
अभियान के दौरान सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अधिक से अधिक शिकायतों का समाधान शिविर से पहले ही कर दिया जाए और शेष मामलों का निराकरण मौके पर सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं होगा, उनके लिए समय-सीमा तय कर आवेदकों को जानकारी दी जाएगी।
योजनाओं की जमीनी हकीकत भी परखी जाएगी
अभियान केवल शिकायतों के निराकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी मौके पर जांच की जाएगी। अधिकारी क्षेत्र भ्रमण के दौरान विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे, हितग्राहियों से संवाद करेंगे और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करेंगे, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।
हर सप्ताह बदलेगा क्षेत्र, पूरे जिले को मिलेगा लाभ
7 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 8 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार अलग-अलग तहसील और विकासखंडों में शिविर लगाए जाएंगे। पूर्व निर्धारित रोस्टर के अनुसार दूरस्थ और निकटवर्ती क्षेत्रों का संतुलित चयन किया गया है, ताकि जिले के सभी क्षेत्रों तक प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित हो सके।
‘उद्यम संवाद’ में उद्योगों की समस्याओं का होगा समाधान
अभियान के दौरान ‘उद्यम संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़े, लघु, सूक्ष्म, मध्यम एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं, लंबित स्वीकृतियों और अन्य मामलों का समाधान किया जाएगा। इसके लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र तथा खनिज विभाग के अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनपद और तहसील स्तर पर भी तय हुई जवाबदेही
अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद पंचायत स्तर पर संबंधित मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि क्लस्टर स्तर पर आयोजित शिविरों की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलदारों को सौंपी गई है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो, शिकायतों का त्वरित समाधान हो तथा विकास योजनाओं का लाभ बिना विलंब के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।



