ऊमरपानी की बदलेगी तस्वीर: जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी और सड़क का निरीक्षण करने गांव पहुंचे विधायक,ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनी समस्याएं, स्कूल निर्माण, आंगनबाड़ी भवन और सड़क के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ऊमरपानी की बदलेगी तस्वीर: जर्जर स्कूल, आंगनबाड़ी और सड़क का निरीक्षण करने गांव पहुंचे विधायक,ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनी समस्याएं, स्कूल निर्माण, आंगनबाड़ी भवन और सड़क के लिए संबंधित विभागों को दिए निर्देश
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा अंतर्गत ग्राम ऊमरपानी में लंबे समय से चली आ रही बुनियादी समस्याओं को लेकर बुधवार को बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने गांव का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और जर्जर स्कूल भवन, खराब सड़क तथा आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि प्राथमिक विद्यालय का भवन काफी जर्जर हो चुका है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। साथ ही गांव तक पहुंचने वाली सड़क भी बदहाल स्थिति में है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन फिलहाल निजी भवन में किया जा रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि डीएमएफ फंड पर लगी रोक हटते ही लगभग 20 लाख रुपये की लागत से नए स्कूल भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए विधायक निधि से प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा तथा सड़क निर्माण के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
भ्रमण के दौरान विधायक ने गांव के लोगों का कुशलक्षेम जाना और कहा कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मनीष बागरी, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र त्रिपाठी, सुलभ त्रिपाठी, पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निरीक्षण के बाद गांव की वर्षों पुरानी समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।



