प्रशासनमध्यप्रदेश

eHRMS पोर्टल अपडेट को लेकर सख्त निर्देश: एक सप्ताह में पूरा करें 100% सेवा अभिलेख अपलोड,तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय सहायता दल गठित, सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने तय की समय-सीमा

कलयुग की कलम से राकेश यादव

eHRMS पोर्टल अपडेट को लेकर सख्त निर्देश: एक सप्ताह में पूरा करें 100% सेवा अभिलेख अपलोड,तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय सहायता दल गठित, सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने तय की समय-सीमा

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में डिजिटल प्रशासन को गति देने के उद्देश्य से eHRMS (इलेक्ट्रॉनिक ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) पोर्टल पर लोक सेवकों के सेवा अभिलेख अपलोड करने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर ने जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत सेवा अभिलेख पोर्टल पर दर्ज करना सुनिश्चित करें।

सीईओ ने कहा कि खंड पंचायत अधिकारियों, पंचायत समन्वय अधिकारियों तथा अन्य लोक सेवकों के सेवा रिकॉर्ड समयबद्ध रूप से ऑनलाइन दर्ज किए जाएं, ताकि विभागीय अभिलेखों का डिजिटलीकरण निर्धारित समय में पूरा हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पोर्टल पर कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला स्तर पर तीन सदस्यीय तकनीकी सहायता दल का गठन किया गया है। इस दल में राजेश श्रीवास्तव (प्रशिक्षक, ई-गवर्नेंस कटनी), मोहम्मद आरिफ (डाटा एंट्री ऑपरेटर) तथा सीमा बिरहा को शामिल किया गया है। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पोर्टल संचालन में आने वाली तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए इनसे संपर्क कर सकेंगे।

जिला पंचायत से मिली जानकारी के अनुसार पंचायत राज्य संचालनालय के निर्देशों के पालन में पूर्व में जिला स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है। इसमें सभी जनपद पंचायतों के स्थापना प्रभारियों एवं संबंधित लिपिकों को eHRMS पोर्टल पर सेवा अभिलेख दर्ज करने की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया था।

जिला पंचायत प्रशासन का उद्देश्य सभी कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों का डिजिटल संधारण सुनिश्चित कर प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता और समयबद्धता लाना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सभी जनपद पंचायतों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button