एक क्लिक की लापरवाही पड़ सकती है भारी! उमरियापान पुलिस का ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान, साइबर ठगी से बचने के बताए आसान और प्रभावी उपाय,झंडा चौक हनुमान मंदिर परिसर में आमजन को किया जागरूक, पंपलेट वितरित कर ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP, UPI और डिजिटल फ्रॉड से सतर्क रहने की दी सलाह
कलयुग की कलम से राकेश यादव

एक क्लिक की लापरवाही पड़ सकती है भारी! उमरियापान पुलिस का ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान, साइबर ठगी से बचने के बताए आसान और प्रभावी उपाय,झंडा चौक हनुमान मंदिर परिसर में आमजन को किया जागरूक, पंपलेट वितरित कर ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP, UPI और डिजिटल फ्रॉड से सतर्क रहने की दी सलाह
कलयुग की कलम उमरिया पान – मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संचालित ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान के तहत उमरियापान पुलिस लगातार लोगों को डिजिटल अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में उमरियापान पुलिस ने झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर परिसर में विशेष साइबर जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे से अवगत कराते हुए सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए तथा प्रमुख स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी चस्पा किए।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी बैंक कॉल, नकली कस्टमर केयर नंबर, फर्जी लॉटरी, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, यूपीआई फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, फर्जी लिंक, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट, पार्सल डिलीवरी और ऑनलाइन जॉब ऑफर के बहाने लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, ATM कार्ड नंबर, CVV, बैंक खाता विवरण या पासवर्ड साझा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, केवल अधिकृत वेबसाइट और मोबाइल एप का ही उपयोग करें तथा सोशल मीडिया पर मिलने वाले लालचपूर्ण ऑफर और संदिग्ध संदेशों पर विश्वास न करें।
पुलिस ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in� पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
उमरियापान पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। सतर्कता, जागरूकता और समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।



