विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 262 वरिष्ठ नागरिक हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए रवाना,कटनी मुड़वारा स्टेशन पर आत्मीय विदाई, श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर किया सम्मान; निःशुल्क तीर्थ यात्रा से वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर दिखी खुशी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन और जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 262 वरिष्ठ नागरिक हरिद्वार-ऋषिकेश के लिए रवाना,कटनी मुड़वारा स्टेशन पर आत्मीय विदाई, श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर किया सम्मान; निःशुल्क तीर्थ यात्रा से वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर दिखी खुशी
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत शुक्रवार को कटनी जिले के 262 वरिष्ठ नागरिकों को हरिद्वार-ऋषिकेश की पावन तीर्थ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया। कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन से दोपहर 2:50 बजे श्रद्धालुओं को आत्मीय वातावरण में विदाई दी गई। यात्रा पर रवाना होने से पहले स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उनके सुखद एवं सुरक्षित सफर की कामना की गई।
इस अवसर पर एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक टंडन सोनी ने यात्रियों का सम्मान करते हुए हरी झंडी दिखाकर विशेष ट्रेन को रवाना किया। कार्यक्रम में बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह (धीरू), नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, तीर्थ यात्रा प्रभारी प्रदीप मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
रामसेवक तिवारी का वर्षों पुराना सपना हुआ पूरा
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत इस बार यात्रा पर रवाना हुए कटनी निवासी रामसेवक तिवारी के लिए यह पल बेहद भावुक और यादगार रहा। उन्होंने बताया कि लंबे समय से हरिद्वार-ऋषिकेश की यात्रा करने की इच्छा थी, लेकिन पूर्व में कई प्रयासों के बावजूद चयन नहीं हो पाया था। इस बार योजना में चयनित होने पर उनका सपना साकार हो गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना ने आर्थिक रूप से कमजोर वरिष्ठ नागरिकों को भी तीर्थ यात्रा का अवसर उपलब्ध कराया है। उनके परिवार सहित अन्य श्रद्धालुओं में भी यात्रा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
निःशुल्क मिलती हैं सभी आवश्यक सुविधाएं
राज्य सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराना है। योजना के तहत चयनित यात्रियों को निःशुल्क रेल यात्रा, भोजन, आवास, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
उल्लेखनीय है कि इस योजना का लाभ 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को दिया जाता है जो आयकरदाता नहीं हैं। शासन द्वारा यात्रा की संपूर्ण व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी कठिनाई के अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
यह योजना वरिष्ठ नागरिकों की आस्था को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, व्यवस्थित और सम्मानजनक तीर्थ यात्रा का अवसर प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



