जन चौपाल में साइबर सुरक्षा का संदेश: सिलौंडी पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए प्रभावी उपाय,बस स्टैंड पर आयोजित जागरूकता अभियान में आमजन और युवाओं को दी साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सीख
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जन चौपाल में साइबर सुरक्षा का संदेश: सिलौंडी पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए प्रभावी उपाय,बस स्टैंड पर आयोजित जागरूकता अभियान में आमजन और युवाओं को दी साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सीख
कलयुग की कलम सिलौंडी – जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीओपी स्लीमनाबाद के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी के निर्देशन में चौकी सिलौंडी पुलिस ने जन चौपाल का आयोजन कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
चौकी प्रभारी अनिल पांडे के नेतृत्व में सिलौंडी बस स्टैंड पर आयोजित जन चौपाल में ग्रामीणों, युवाओं और व्यापारियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध साइबर गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस अथवा साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सतर्कता अपनाकर अधिकांश साइबर ठगी से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में प्रधान आरक्षक अतुल शर्मा, रामसेवक विश्वकर्मा, चौकी सिलौंडी पुलिस स्टाफ, ग्राम के वरिष्ठ नागरिक एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल और व्यवहारिक तरीके से समाधान किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक करें, ताकि सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।



