1 जुलाई से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर मूंग-उड़द खरीदी, 10 अगस्त तक मिलेगा किसानों को सरकारी भाव,कटनी में 7 उपार्जन केंद्र बनाए गए, मूंग ₹8,767 और उड़द ₹7,800 प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

1 जुलाई से शुरू हुई समर्थन मूल्य पर मूंग-उड़द खरीदी, 10 अगस्त तक मिलेगा किसानों को सरकारी भाव,कटनी में 7 उपार्जन केंद्र बनाए गए, मूंग ₹8,767 और उड़द ₹7,800 प्रति क्विंटल की दर से होगी खरीदी
कलयुग की कलम कटनी – जिले के किसानों के लिए राहतभरी खबर है। ग्रीष्मकालीन मूंग और उड़द की फसल का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से जिले में 1 जुलाई से समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू कर दी गई है। यह खरीदी 10 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले की विभिन्न तहसीलों में 7 उपार्जन केंद्र निर्धारित किए हैं, जहां निर्धारित गुणवत्ता की उपज का समर्थन मूल्य पर क्रय किया जाएगा।
राज्य शासन द्वारा इस वर्ष मूंग का समर्थन मूल्य 8,767 रुपये प्रति क्विंटल तथा उड़द का समर्थन मूल्य 7,800 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल एफएक्यू (औसत अच्छी गुणवत्ता) की उपज ही खरीदी जाएगी। गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने वाली उपज को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इन 7 केंद्रों पर होगी खरीदी
जिले में अलग-अलग तहसीलों के लिए उपार्जन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कटनी तहसील के किसानों की खरीदी सीडब्ल्यूसी परिसर इमलिया, ढीमरखेड़ा के किसानों की राधेकृष्ण वेयरहाउस, बड़वारा के किसानों की पंचमुखी वेयरहाउस बसाड़ी, बहोरीबंद के किसानों की जय रूपनाथ वेयरहाउस बचैया, विजयराघवगढ़ के किसानों की सीडब्ल्यूसी मां शारदा वेयरहाउस अमुवारी, बरही के किसानों की पिपरियाकला उपार्जन केंद्र तथा स्लीमनाबाद क्षेत्र के किसानों की तिवारी ब्रदर्स वेयरहाउस स्लीमनाबाद में की जाएगी।
सोमवार से शुक्रवार तक चलेगी खरीदी
उपार्जन कार्य प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। किसानों को शाम 6 बजे तक तौल पर्ची जारी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर विशेष परिस्थितियों में शनिवार को भी तौल कार्य कराया जा सकेगा।
केंद्रों पर रहेगी सभी जरूरी व्यवस्थाएं
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। केंद्रों पर वाटरप्रूफ तिरपाल, मॉइस्चर मीटर, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, छननी और ग्रेडिंग मशीन उपलब्ध रहेंगी, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरी की जा सके।
उपज बेचने से पहले किसान रखें ये दस्तावेज साथ
समर्थन मूल्य पर उपज बेचने आने वाले किसानों को आधार कार्ड की प्रति, बैंक पासबुक (आईएफएससी कोड सहित), समग्र आईडी, किसान पंजीयन पर्ची, खसरा अथवा ऋण पुस्तिका साथ लानी होगी। यदि किसान वनाधिकार पट्टाधारी है तो उसे पट्टे की प्रति भी प्रस्तुत करनी होगी। खरीदी के बाद कंप्यूटर जनित रसीद की एक प्रति किसान को उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि दूसरी प्रति संस्था के अभिलेख में सुरक्षित रखी जाएगी।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित तिथि एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही उपार्जन केंद्र पहुंचें, जिससे खरीदी प्रक्रिया सुगमता और पारदर्शिता के साथ पूरी हो



