विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के सौजन्य से बड़वारा में उमड़ा जनसैलाब: 2865 मरीजों ने उठाया विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ,गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 180 मरीज चिन्हित, पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल में मिलेगा निःशुल्क उपचार
कलयुग की कलम से राकेश यादव

विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के सौजन्य से बड़वारा में उमड़ा जनसैलाब: 2865 मरीजों ने उठाया विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ,गंभीर बीमारियों से जूझ रहे 180 मरीज चिन्हित, पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल में मिलेगा निःशुल्क उपचार
कलयुग की कलम बड़वारा – क्षेत्रवासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए माननीय विधायक बड़वारा श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह के सौजन्य से तथा आर.पी. फाउंडेशन के संस्थापक एवं पीपुल्स ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री रोहित पंडित के नेतृत्व में, आर.पी. फाउंडेशन के सहयोग से पीपुल्स हॉस्पिटल भानपुर भोपाल द्वारा सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़वारा में दो दिवसीय विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के प्रथम दिवस क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला और हजारों ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।
शिविर में पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ ने आधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की स्वास्थ्य जांच की। इको, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी, सोनोग्राफी, डायबिटीज जांच सहित विभिन्न प्रकार की रक्त जांचें निःशुल्क की गईं। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया।
विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा महिला रोग, हृदय रोग, श्वास रोग, त्वचा रोग, नेत्र रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला रोग, सर्जरी, हड्डी रोग, शिशु रोग एवं सामान्य रोगों से संबंधित मरीजों का परीक्षण किया गया। शिविर में लगभग 2865 मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान लगभग 180 गंभीर एवं जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को चिन्हित किया गया, जिन्हें आगे के उपचार के लिए पीपुल्स हॉस्पिटल भोपाल रेफर किया जाएगा। इन मरीजों को अस्पताल में निःशुल्क जांच, उपचार, ऑपरेशन एवं दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए आवागमन एवं भोजन की विशेष व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, पीपुल्स ग्रुप के कार्यकारी निदेशक श्री गुंजन जैन, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
माननीय विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य लाभ लेने की अपील करते हुए दूसरे दिन भी शिविर में शामिल होने का आग्रह किया।



