प्रशासनमध्यप्रदेश

जनसुनवाई में 206 फरियादियों की गुहार, कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,बोले-समस्या के समाधान के लिए नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण

कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में 206 फरियादियों की गुहार, कलेक्टर श्री तिवारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,बोले-समस्या के समाधान के लिए नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, समय-सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण

कलयुग की कलम कटनी – जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों की फरियाद मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में सुनी गई। कलेक्टर आशीष तिवारी ने 206 आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का तथ्यात्मक परीक्षण कर नियमानुसार समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान नागरिकों ने भवन निर्माण, अतिक्रमण, आवास योजना, वेतन भुगतान, बिजली बिल में गड़बड़ी, नामांतरण तथा राजस्व अभिलेखों में सुधार सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने आवेदकों की बात सुनने के साथ ही संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

नामांतरण से लेकर बिजली बिल तक पहुंची शिकायतें

ग्राम पिपरिया कला निवासी होरीलाल चक्रवर्ती ने ग्राम खिरहनी में विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी गई भूमि का नामांतरण नहीं होने की शिकायत रखते हुए कार्रवाई की मांग की। वहीं बरगवां निवासी मंजू चौरसिया ने खपत से अधिक बिजली बिल आने की समस्या बताते हुए बिल की जांच कर सुधार कराने का अनुरोध किया।

रीठी तहसील के ग्राम निटर्रा निवासी सुमन पांडे ने आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। छेदीलाल ने माधवनगर कैम्प स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में किए गए सफाई कार्य का लंबित भुगतान दिलाने की मांग रखी। ग्राम हरद्वारा, तहसील रीठी निवासी रोहणी प्रसाद ने भूमि के राजस्व रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार कराने के लिए आवेदन दिया।

अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर आशीष तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। प्रशासन का दायित्व है कि आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाए और उन्हें निर्धारित समय में राहत उपलब्ध कराई जाए।

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button