प्रशासनमध्यप्रदेश

कलेक्टर श्री यादव ने जनसुनवाई में सुनीं 208 आवेदकों की समस्याएंअधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

कलेक्टर श्री यादव ने जनसुनवाई में सुनीं 208 आवेदकों की समस्याएंअधिकारियों को दिए निराकरण के निर्देश

कलयुग की कलम कटनी– कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 208 आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। यह जनसुनवाई जिला मुख्यालय से लेकर अनुविभाग, तहसील और विकासखंड मुख्यालय सहित ग्राम पंचायतों में भी आयोजित की गई।

इस दौरान अपर कलेक्टर साधना परस्ते, संयुक्त कलेक्टर संस्कृति लटोरिया और डिप्टी कलेक्टर श्री प्रमोद चतुर्वेदी एवं ज्योति लिल्हारे मौजूद रहे।

*नामांतरण करायें*

जनसुनवाई के दौरान ग्राम चहला निवासी सत्‍यभान केवट पिता हरछटिया केवट ने आवेदन देते हुये बताया कि मेरे दादा सुंदर लाल ने वर्ष 1992 में तहसील विजयराघवगढ़ में पटवारी हल्‍का नंबर 56 के अंतर्गत नन्‍हूवा पिता दीनबंधा चौधरी से रजिस्‍ट्री के माध्‍यम से भूमि क्रय किया था। परंतु, तत्‍कालीन पटवारी ने नामांतरण न कर केवल बैनामा संशोधन कर दिया था। वर्तमान में विक्रेता नन्‍हुवा चौधरी के वारसान में भोला, गिल्ला, मीरा, नीता, सुमन, शुभा एवं बबिया चौधरी का भी नाम जुड़ गया है। इसलिये बैनामा के आधार पर जमीन का नामान्‍तरण हमारे नाम पर करवायें। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने एसडीएम को निश्चित समय में आवश्‍यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

*विद्युत विभाग द्वारा स्‍वीकृत कार्य पूर्ण करायें*

जनसुनवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद श्री ओमप्रकाश सोनी ने बताया कि वार्ड क्रमांक 4 के अंतर्गत बालाजी नगर एवं शिवाजी नगर में वर्ष 2018-19 में विद्युत पोल, लाइन एवं स्‍ट्रीट लाइटिंग से संबंधित तीन योजनायें स्‍वीकृत हुई थी। जिसके लिये नगर निगम द्वारा सुपरविजन शुल्‍क सहित जीएसटी भुगतान कर दिया गया था। परंतु, विभागीय अधिकारियों द्वारा आज तक कार्य प्रारंभ नहीं किया गया। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने विद्युत विभाग को निश्चित समयावधि में नियमानुसार कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए।

*गुंडागर्दी से बचायें*

जनसुनवाई के दौरान ग्राम मोहास निवासी कौरेया चौधरी ने बताया कि मेरी पैतृक भू‍मि जिसका खसरा नंबर 6 है, पर ठेकेदार द्वारा जबरन पाईप डालने हेतु गड्ढा किया जा रहा है एवं मना करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसलिए ठेकेदार की गुंडागर्दी से बचायें एवं न्‍याय दिलायें। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने जल निगम को समय-सीमा में आवश्‍यक कार्यवाही कर शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिये।

*आवास योजना का लाभ दिलायें*

जनसुनवाई में महाराणा प्रताप वार्ड निवासी नेहा राजपूत, रानीबाई, सुमन विश्‍वकर्मा एवं अन्‍य ने प्रधानमंत्री आवास दिलाये जाने की मांग करते हुये कहा कि हम सभी यहां पिछले 50 वर्ष से निवास कर रहें हैं। हमारे पास भूमि का पट्टा है एवं टैक्‍स भी जमा करते हैं। परंतु, हमें आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर कलेक्‍टर श्री यादव ने नगर निगम को पात्रतानुसार आवास योजना का लाभ दिलाये जाने के निर्देश दिये।

Related Articles

Back to top button