सड़कों पर दौड़ रहे थे नियमों को ठेंगा दिखाने वाले वाहन, परिवहन विभाग का बड़ा शिकंजा,बिना परमिट, फिटनेस और टैक्स के संचालित दो बसें व ट्रक जब्त, जिलेभर में चला सघन जांच अभियान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

सड़कों पर दौड़ रहे थे नियमों को ठेंगा दिखाने वाले वाहन, परिवहन विभाग का बड़ा शिकंजा,बिना परमिट, फिटनेस और टैक्स के संचालित दो बसें व ट्रक जब्त, जिलेभर में चला सघन जांच अभियान
कलयुग की कलम कटनी – जिले में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और अवैध परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए बिना वैध दस्तावेजों के संचालित वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान एक मालवाहक ट्रक तथा दो यात्री बसों को जब्त किया गया। विभाग की इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर वाहन संचालित करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
जिले के प्रमुख मार्गों पर चला विशेष जांच अभियान
परिवहन विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चेकिंग प्वाइंटों पर विशेष अभियान चलाकर यात्री एवं मालवाहक वाहनों की गहन जांच की। इस दौरान परमिट, फिटनेस, कर भुगतान, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की गई। जांच में कई वाहन दस्तावेजी अनियमितताओं के साथ संचालित होते पाए गए, जिनमें तीन वाहनों के विरुद्ध तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई।
बिना परमिट और फिटनेस के संचालित ट्रक पकड़ा गया
जांच के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी-12 बीएफ-9019 बिना वैध परमिट और फिटनेस प्रमाण-पत्र के संचालित पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि वाहन का कर लंबे समय से बकाया था। नियमों के गंभीर उल्लंघन को देखते हुए ट्रक को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया तथा वाहन स्वामी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई।
जांच के समय नहीं था परमिट, बाद में कराया ऑनलाइन जारी
कटनी-बरही मार्ग पर जांच के दौरान एक यात्री बस को रोका गया, जो वैध परमिट प्रस्तुत नहीं कर सकी। जांच के समय आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे नियमों का उल्लंघन माना गया। बाद में वाहन स्वामी द्वारा ऑनलाइन परमिट जारी कराया गया, लेकिन जांच के दौरान वाहन बिना वैध अनुमति के संचालित पाया गया। परिवहन विभाग ने बस को जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।
कटनी-जबलपुर मार्ग पर भी हुई बड़ी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान कटनी-जबलपुर मार्ग पर संचालित एक अन्य यात्री बस भी बिना वैध परमिट के पाई गई। यात्रियों का परिवहन नियमों के विपरीत किए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर सुरक्षित रखा और वाहन संचालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया प्रारंभ की।
नियम तोड़ने वालों को नहीं मिलेगी राहत
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना परमिट, फिटनेस, कर भुगतान या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के वाहन संचालन करने वालों के विरुद्ध आगे भी निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन स्वामियों एवं संचालकों से सभी दस्तावेज अद्यतन रखने तथा परिवहन नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए अभियान रहेगा जारी
परिवहन विभाग का कहना है कि जिले में अवैध रूप से संचालित वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने तथा नागरिकों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान आगामी दिनों में और अधिक व्यापक स्तर पर जारी रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध जब्ती, चालानी और अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



