जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश,150 आवेदकों की शिकायतों पर हुई सुनवाई, पेंशन, राजस्व, भुगतान और प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों में कार्रवाई के आदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जनसुनवाई में गूंजीं जनता की समस्याएं, कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए तत्काल समाधान के निर्देश,150 आवेदकों की शिकायतों पर हुई सुनवाई, पेंशन, राजस्व, भुगतान और प्रमाण-पत्र से जुड़े मामलों में कार्रवाई के आदेश
कलयुग की कलम कटनी – आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 150 आवेदकों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंहमारे उइके, जिला प्रबंधक लोकसेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
दिव्यांग की गुहार पर पेंशन दिलाने के निर्देश
ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम टोला निवासी दिव्यांग नंदकिशोर चौधरी ने विकलांग पेंशन स्वीकृत कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शारीरिक अक्षमता के कारण रोजगार करने में कठिनाई हो रही है और परिवार के भरण-पोषण में समस्याएं आ रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को पात्रता अनुसार पेंशन लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरण की होगी जांच
विजयराघवगढ़ तहसील के ग्राम मुहास निवासी दिलीप कुमार गर्ग ने राजस्व अभिलेखों में किए गए नक्शा संशोधन को लेकर आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की। कलेक्टर ने एसडीएम विजयराघवगढ़ को पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सेवानिवृत्त कर्मचारी को मिलेगा लंबित भुगतान
शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी मो. जाकिर खान ने सेवा निवृत्ति के बाद भी विभिन्न वित्तीय देयकों का भुगतान नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने जीपीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, बीमा राशि और अवकाश नकदीकरण जैसी लंबित राशि का भुगतान कराने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर भुगतान प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मृत्यु प्रमाण-पत्र के लिए भटक रही महिला को मिली राहत
कटनी के भट्टा मोहल्ला निवासी सुनीता कोल ने अपने पति के मृत्यु प्रमाण-पत्र के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में पति की मृत्यु के बाद जानकारी के अभाव में प्रमाण-पत्र नहीं बनवा सकीं, जिसके कारण अब विभिन्न कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर ने मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसमस्याओं के समाधान को प्रशासन प्रतिबद्ध
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त विभिन्न आवेदनों पर कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। प्रशासन का प्रयास है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके।



