स्कूलों की मरम्मत में नहीं चलेगी लापरवाही: गुणवत्ता और समय सीमा पर जिला पंचायत सीईओ सख्त,डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, बरसात से पहले कार्य पूर्ण कराने पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

स्कूलों की मरम्मत में नहीं चलेगी लापरवाही: गुणवत्ता और समय सीमा पर जिला पंचायत सीईओ सख्त,डीएमएफ से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, बरसात से पहले कार्य पूर्ण कराने पर जोर
कलयुग की कलम कटनी – जिले की शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में जिला खनिज प्रतिष्ठान मद (डीएमएफ) से स्वीकृत मेजर मरम्मत कार्यों को लेकर जिला पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया भी व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जाए।
जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले स्कूल भवनों के मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने उपयंत्रियों और ग्राम पंचायत सचिवों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रत्येक स्वीकृत कार्य की नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति का रिकॉर्ड भी अद्यतन रखा जाए।
समस्याएं साझा कर समय पर निकालें समाधान
बैठक के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने कार्यस्थलों पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी भी अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आ रही है तो उसे तत्काल साझा किया जाए, ताकि समय रहते समाधान कर कार्यों को गति दी जा सके।
स्कूल भवनों को सुरक्षित और बेहतर बनाने की दिशा में पहल
डीएमएफ मद से स्वीकृत मरम्मत कार्यों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल भवनों को सुरक्षित, मजबूत और विद्यार्थियों के अनुकूल बनाना है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूर्ण हों और बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य, संबंधित जनपद पंचायतों के सहायक यंत्री, उपयंत्री तथा ग्राम पंचायतों के सचिव उपस्थित रहे।



