प्रशासनमध्यप्रदेश

गांव-गांव गूंजा विकास का संवाद, गांधी जयंती पर सजीं ग्राम सभाएं,रिफॉर्म उत्सव’ में ग्रामीणों और महिलाओं ने खुलकर रखीं समस्याएं, विकास की प्राथमिकताओं पर हुआ मंथन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांव-गांव गूंजा विकास का संवाद, गांधी जयंती पर सजीं ग्राम सभाएं,रिफॉर्म उत्सव’ में ग्रामीणों और महिलाओं ने खुलकर रखीं समस्याएं, विकास की प्राथमिकताओं पर हुआ मंथन

कलयुग की कलम कटनी – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। गांव-गांव आयोजित इन ग्राम सभाओं में ग्रामीणों के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। ग्राम सभाओं को स्थानीय स्तर पर विकास, जनभागीदारी और सकारात्मक बदलाव को गति देने के उद्देश्य से ‘रिफॉर्म उत्सव’ के रूप में आयोजित किया गया।

ग्राम सभाओं में शासन द्वारा निर्धारित एजेंडे के साथ ग्राम की स्थानीय आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपने गांव की समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े सुझाव ग्राम सभा के समक्ष रखे। पंचायत प्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों ने ग्रामीणों द्वारा उठाए गए विषयों की जानकारी लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया से अवगत कराया।

मूलभूत सुविधाओं पर केंद्रित रहा संवाद

ग्राम सभाओं में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, आवास सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषय प्रमुखता से उठे। ग्रामीणों ने गांव की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराने, उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से लाभ पहुंचाने को लेकर अपने विचार रखे।

महिलाओं ने बढ़-चढ़कर रखी अपनी बात

ग्राम सभाओं की खास बात महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। महिलाओं ने परिवार एवं गांव से जुड़ी समस्याओं के साथ स्थानीय जरूरतों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने विकास कार्यों में भागीदारी और गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में अपनी भूमिका को लेकर भी उत्साह व्यक्त किया।

ग्राम विकास में ग्रामीणों की सीधी भागीदारी

ग्राम सभा के माध्यम से ग्रामीणों को अपने गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर सामूहिक रूप से विचार रखने का मंच मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन ग्राम सभाओं ने ग्रामीणों के बीच संवाद और सहभागिता को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीण लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा स्थानीय जरूरतों के आधार पर सामूहिक चर्चा के जरिए समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया गया। जिलेभर में आयोजित ग्राम सभाओं में जनप्रतिनिधियों, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायकों, पंचायत अमले, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button