माय फेवरेट कलर इज ब्लू…” सुनते ही खिल उठा कलेक्टर का चेहरा, नन्हीं अनुष्का को गोद में उठाकर बढ़ाया हौसला,फर्राटेदार अंग्रेजी से चौंकी कलेक्टर की नजर, दीपांशु ने भी अंग्रेजी और पहाड़े सुनाकर दिखाई अपनी प्रतिभा
कलयुग की कलम से राकेश यादव

“माय फेवरेट कलर इज ब्लू…” सुनते ही खिल उठा कलेक्टर का चेहरा, नन्हीं अनुष्का को गोद में उठाकर बढ़ाया हौसला,फर्राटेदार अंग्रेजी से चौंकी कलेक्टर की नजर, दीपांशु ने भी अंग्रेजी और पहाड़े सुनाकर दिखाई अपनी प्रतिभा
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शासकीय प्राथमिक विद्यालय इंद्रानगर के निरीक्षण के दौरान उस समय माहौल बेहद खुशनुमा हो गया, जब कक्षा-3 की नन्हीं छात्रा अनुष्का ने कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के सवालों का बेझिझक अंग्रेजी में जवाब दिया। अनुष्का ने आत्मविश्वास के साथ कहा, “माय फेवरेट कलर इज ब्लू…” नन्हीं बच्ची का सहज और आत्मविश्वास से भरा जवाब सुनकर कलेक्टर श्री तिवारी बेहद प्रसन्न हुए। उन्होंने अनुष्का को स्नेहपूर्वक गोद में उठाया और प्यार-दुलार करते हुए उसका उत्साह बढ़ाया।
कलेक्टर के इस आत्मीय व्यवहार से विद्यालय का वातावरण बच्चों की मुस्कान और उत्साह से भर गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरिसिमरनप्रीत कौर तथा डीएफओ श्री गर्वित गंगवार भी मौजूद रहे।
अनुष्का के बाद दीपांशु ने भी अंग्रेजी में दिया जवाब
बच्चों की शैक्षणिक समझ और आत्मविश्वास परखने के लिए कलेक्टर ने विद्यार्थियों से बातचीत की। अनुष्का के बाद कक्षा-2 के छात्र दीपांशु से भी सवाल किया गया। दीपांशु ने भी बिना झिझक अंग्रेजी में जवाब देते हुए कहा, “माय फेवरेट कलर इज रेड…” बच्चों के आत्मविश्वास और सहजता से जवाब देने पर कलेक्टर ने दोनों विद्यार्थियों की सराहना की।
उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ आत्मविश्वास भी बेहद महत्वपूर्ण है। बच्चों को निरंतर मेहनत करने और अपनी प्रतिभा को और निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
अंग्रेजी के बाद पहाड़ों ने भी दिखाया बच्चों का दम
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों की गणितीय समझ भी परखी। उन्होंने कक्षा-2 के छात्र दीपांशु यादव से 4 का पहाड़ा सुनाने को कहा। दीपांशु ने बिना रुके पूरे आत्मविश्वास के साथ सही पहाड़ा सुना दिया।
इसके बाद कक्षा-3 की अनुष्का से 2 का पहाड़ा पूछा गया। अनुष्का ने भी बिना किसी संकोच के सही-सही पहाड़ा सुनाकर अपनी तैयारी का परिचय दिया। बच्चों की तत्परता और आत्मविश्वास देखकर कलेक्टर ने उनकी पीठ थपथपाई तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
विद्यालय निरीक्षण के दौरान बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियां अधिकारियों के लिए भी सुखद अनुभव रहीं। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, समझ और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली तथा बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।



