हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, किसान समय पर बनवाएं फार्मर आईडी: सांसद वी.डी. शर्मा,बहोरीबंद और रीठी के जनकल्याण शिविरों में उमड़ा जनसैलाब, 23 विभागों की 111 योजनाओं की दी गई जानकारी, हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ
कलयुग की कलम से राकेश यादव

हर पात्र हितग्राही तक पहुंचेगा योजनाओं का लाभ, किसान समय पर बनवाएं फार्मर आईडी: सांसद वी.डी. शर्मा,बहोरीबंद और रीठी के जनकल्याण शिविरों में उमड़ा जनसैलाब, 23 विभागों की 111 योजनाओं की दी गई जानकारी, हितग्राहियों को वितरित किए गए लाभ
कलयुग की कलम बहोरीबंद/रीठी – शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले के बहोरीबंद एवं रीठी विकासखंडों में आयोजित जनकल्याण शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। खजुराहो सांसद श्री वी.डी. शर्मा के मुख्य आतिथ्य एवं बहोरीबंद विधायक श्री प्रणय प्रभात पाण्डेय की उपस्थिति में आयोजित शिविरों में आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प दोहराया गया।
सांसद श्री वी.डी. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास को समर्पित 12 वर्षों के दौरान देश में जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों, रोजगार सहायकों एवं संबंधित अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे गांव-गांव पहुंचकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। सांसद ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा” है और गरीबों, किसानों तथा जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है।
किसानों को दी महत्वपूर्ण सलाह
रीठी जनकल्याण शिविर में सांसद श्री शर्मा ने किसानों से अपील की कि वे समय रहते अपनी फार्मर आईडी बनवा लें, ताकि खाद, बीज एवं अन्य कृषि सेवाओं का लाभ लेने में भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए फार्मर आईडी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
23 विभागों की 111 योजनाओं की जानकारी
सांसद ने बताया कि जनकल्याण शिविरों के माध्यम से 23 विभागों की 111 योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन भी किया गया।
विकास कार्यों को मिली नई गति
विधायक श्री प्रणय प्रभात पाण्डेय ने कहा कि प्रदेश सरकार जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बहोरीबंद क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
24 आवेदनों का होगा निराकरण
प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने बताया कि बहोरीबंद शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका नियमानुसार परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर सुशासन को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।
हितग्राहियों को वितरित किए गए प्रमाण-पत्र
शिविरों में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को पंजीयन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। सांसद एवं विधायक ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष्मान कार्ड पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान सांसद ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं स्वास्थ्य परामर्श की सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका नागरिकों ने लाभ उठाया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
शिविर के पश्चात सांसद एवं विधायक ने संदीपनी विद्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। साथ ही विकास पथ का भ्रमण कर बहोरीबंद महाविद्यालय में चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष राजेश चौधरी, एसडीएम प्रदीप मिश्रा, तहसीलदार आशीष अग्रवाल, जनपद सीईओ अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



