बड़वारा, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा के 17 स्कूलों के किचन शेड होंगे दुरुस्त,जिला पंचायत सीईओ ने मरम्मत कार्यों के लिए दी स्वीकृति, ग्राम पंचायतों को बनाया निर्माण एजेंसी; 30 जून तक पूरा होगा कार्य
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बड़वारा, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा के 17 स्कूलों के किचन शेड होंगे दुरुस्त,जिला पंचायत सीईओ ने मरम्मत कार्यों के लिए दी स्वीकृति, ग्राम पंचायतों को बनाया निर्माण एजेंसी; 30 जून तक पूरा होगा कार्य
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – जिले के बड़वारा, बहोरीबंद और ढीमरखेड़ा विकासखंड में संचालित शासकीय विद्यालयों के पुराने किचन शेड कम स्टोर रूम की मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण के लिए जिला पंचायत ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने तीनों विकासखंडों के 17 किचन शेड कम स्टोर रूम के रखरखाव और मरम्मत कार्यों हेतु संबंधित ग्राम पंचायतों को राशि आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की है।
जारी आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत केंद्रांश 60 प्रतिशत एवं राज्यांश 40 प्रतिशत मद से यह राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यह कार्य उन शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में कराया जाएगा, जहां लगभग 10 वर्ष पुराने किचन शेड कम स्टोर रूम मरम्मत की आवश्यकता की स्थिति में हैं।
जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित ग्राम पंचायतों को निर्माण एजेंसी के रूप में अधिकृत किया है। निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सहायक यंत्री द्वारा तकनीकी स्वीकृति तथा ग्राम पंचायतों द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति जारी की जाएगी।
30 जून तक पूरा करना होगा कार्य
निर्माण एजेंसियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी मरम्मत कार्य 30 जून 2026 तक पूर्ण कराने होंगे। कार्य पूर्ण होने के बाद उपयोगिता प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित एक्जिट प्रोटोकॉल का पालन भी सुनिश्चित करना होगा।
मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सहायक यंत्री द्वारा तकनीकी पर्यवेक्षण किया जाएगा, जबकि विभागीय अमला समय-समय पर भौतिक प्रगति की समीक्षा करेगा।
इन ग्राम पंचायतों को मिली स्वीकृति
जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार बड़वारा विकासखंड की ग्राम पंचायत बुजबुजा, गड़ौहा, बिजौरी एवं भुड़सा, बहोरीबंद विकासखंड की कोडिया, कूना एवं तेवरी तथा ढीमरखेड़ा विकासखंड की देवरी मारवाड़ी, खमतरा, आमाझाल, बिछुआ और कटरिया सहित चयनित ग्राम पंचायतों के किचन शेड कम स्टोर रूम के रखरखाव, मरम्मत एवं दुरुस्तीकरण कार्य के लिए प्रति इकाई 10-10 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।



