कक्षा 5वीं की छात्रा के जवाबों ने चौंकाया एडिशनल सीईओ, बोले—शाबाश! कन्या माध्यमिक शाला सिलौंडी में अनुराग मोदी ने छात्राओं से किया संवाद, अंग्रेजी के सवालों के सही जवाब सुनकर हुए प्रभावित
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कक्षा 5वीं की छात्रा के जवाबों ने चौंकाया एडिशनल सीईओ, बोले—शाबाश! कन्या माध्यमिक शाला सिलौंडी में अनुराग मोदी ने छात्राओं से किया संवाद, अंग्रेजी के सवालों के सही जवाब सुनकर हुए प्रभावित
कलयुग की कलम कटनी सिलौंडी – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत जिले में अधिकारी लगातार ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और शिक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी ने कन्या माध्यमिक शाला सिलौंडी पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली।
विद्यालय पहुंचने पर श्री मोदी ने छात्राओं से पढ़ाई को लेकर बातचीत की। उन्होंने अंग्रेजी विषय से जुड़े एकवचन-बहुवचन और विलोम शब्द सहित अन्य सवाल छात्राओं से पूछे। इस दौरान कक्षा पांचवीं की छात्रा छवि चक्रवर्ती ने पूछे गए सवालों के सटीक जवाब दिए। छात्रा की तत्परता और विषय पर पकड़ देखकर श्री मोदी ने उसकी जमकर सराहना की और उसे प्रोत्साहित किया।
श्री मोदी ने छात्राओं से बातचीत के दौरान विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, पढ़ाई के वातावरण और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से भी शैक्षणिक गतिविधियों को लेकर चर्चा की और बेहतर शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी परखी
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्यान्ह भोजन का स्वाद भी चखा और भोजन की गुणवत्ता तथा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं को भी देखा और आवश्यक बिंदुओं पर संबंधित कर्मचारियों से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारियों द्वारा किए जा रहे ऐसे मैदानी निरीक्षणों का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ वास्तविक रूप से पात्र हितग्राहियों एवं विद्यार्थियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त करना है।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, विद्यालय के शिक्षकगण तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



