ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के सख्त निर्देश: श्रमिकों को अधिक रोजगार देने पर जिला पंचायत सीईओ का जोर ‘विकसित भारत-जी रामजी योजना’ की वर्चुअल समीक्षा में जनपद अधिकारियों को चेतावनी, गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के सख्त निर्देश: श्रमिकों को अधिक रोजगार देने पर जिला पंचायत सीईओ का जोर ‘विकसित भारत-जी रामजी योजना’ की वर्चुअल समीक्षा में जनपद अधिकारियों को चेतावनी, गुणवत्ता और समयसीमा से कोई समझौता नहीं
कलयुग की कलम कटनी – जिले की ग्राम पंचायतों में संचालित निर्माण एवं विकास कार्यों को तेज गति से पूर्ण कराने तथा अधिक से अधिक ग्रामीण श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने बुधवार को ‘विकसित भारत-जी रामजी योजना’ की वर्चुअल समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और श्रमिक नियोजन बढ़ाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सीईओ सुश्री कौर ने कहा कि ग्राम पंचायतों में स्वीकृत निर्माण एवं विकास कार्यों को तकनीकी मानकों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में जनपदवार निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों से लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की अद्यतन जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों के नियोजन में निर्धारित लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किए जाएं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों का विस्तार हो सके।
सीईओ ने अधिकारियों को सिपरी (SIPRI – Software for Identification and Planning of Rural Infrastructure) पोर्टल पर अधिक से अधिक प्रगतिरत कार्यों को प्रदर्शित करने तथा समय पर अद्यतन जानकारी अपलोड करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डिजिटल मॉनिटरिंग से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।
वर्चुअल समीक्षा बैठक में जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, परियोजना अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, सहायक यंत्री, तकनीकी अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी शामिल रहे। बैठक में विकास कार्यों की गति बढ़ाने, श्रमिकों को अधिक रोजगार उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।



