रेत माफियाओं की कमर तोड़ने की तैयारी: अवैध रास्तों का जाल होगा नेस्तनाबूद,घाटों पर उतरी प्रशासनिक टास्क फोर्स, बड़वारा-बरही क्षेत्र में बड़ा संयुक्त अभियान; अवैध परिवहन के मार्ग चिन्हित, जल्द होगी कड़ी कार्रवाई
कलयुग की कलम से राकेश यादव

रेत माफियाओं की कमर तोड़ने की तैयारी: अवैध रास्तों का जाल होगा नेस्तनाबूद,घाटों पर उतरी प्रशासनिक टास्क फोर्स, बड़वारा-बरही क्षेत्र में बड़ा संयुक्त अभियान; अवैध परिवहन के मार्ग चिन्हित, जल्द होगी कड़ी कार्रवाई
कलयुग की कलम कटनी – जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने अब निर्णायक लड़ाई छेड़ दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में जिला स्तरीय टास्क फोर्स ने बड़वारा और बरही क्षेत्र के रेत घाटों पर व्यापक संयुक्त अभियान चलाकर रेत माफियाओं के नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। निरीक्षण के दौरान अवैध परिवहन में उपयोग किए जाने वाले कई अस्थायी रास्तों की पहचान की गई, जिन्हें जल्द ही पूरी तरह बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
नदी तट तक पहुंची टीम, जमीनी हकीकत खंगाली
खनिज विभाग, मध्यप्रदेश माइनिंग कॉरपोरेशन और पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने लदहर, सुतरी, बहरघटा, इमलिया, सुड्डी, बसाड़ी तथा सकरी-कुम्हरवारा सहित विभिन्न स्वीकृत रेत घाटों और खदानों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने केवल दस्तावेजों की जांच तक सीमित न रहकर सीधे नदी तटों और खनन क्षेत्रों का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान खदानों में खनन गतिविधियां बंद पाई गईं, लेकिन टीम ने उन संभावित मार्गों पर विशेष फोकस किया जिनका उपयोग अवैध रेत परिवहन के लिए किया जा सकता है। कई कच्चे रास्ते और संपर्क मार्ग प्रशासन की निगरानी में आए हैं।
अवैध परिवहन के रास्तों पर सख्ती
अभियान के दौरान रेत माफियाओं द्वारा तैयार किए गए अस्थायी मार्गों की मैपिंग कर उनका पूरा नेटवर्क चिह्नित किया गया। पूर्व में ध्वस्त किए गए रास्तों का भी पुनः निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ऐसे सभी मार्गों को स्थायी रूप से बंद करने की कार्रवाई जल्द शुरू होगी, जिससे अवैध परिवहन की संभावनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
ग्रामीणों से ली जानकारी, बढ़ेगी निगरानी
संयुक्त दल ने स्थानीय ग्रामीणों से भी चर्चा कर क्षेत्र की गतिविधियों और संभावित अवैध परिवहन मार्गों की जानकारी प्राप्त की। प्रशासन का उद्देश्य जमीनी स्तर पर निगरानी तंत्र को मजबूत कर अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सटीक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
सीमावर्ती खदानों पर भी प्रशासन की नजर
अभियान के दौरान माइनिंग कॉरपोरेशन की टीम ने उमरिया जिले की सीमा से लगी खैरवार रेत खदान का भी निरीक्षण किया। संबंधित ठेकेदार को शासन के नियमों एवं शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तकनीक आधारित निगरानी से बढ़ेगी कार्रवाई की धार
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के नेतृत्व में जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध चल रहे अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध रेत कारोबार और उसके लिए बनाए गए रास्तों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान में शामिल रहे अधिकारी
संयुक्त कार्रवाई में उपसंचालक खनिज श्री रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी श्री पवन कुशवाहा, खनिज निरीक्षक श्री कमलकांत परास्ते, थाना प्रभारी बड़वारा श्री के.के. पटेल, माइनिंग कॉरपोरेशन के श्री बालकृष्ण पांडे, श्री पी.एल. द्विवेदी सहित खनिज विभाग, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



