एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

सेवा संकल्प में निखरी नन्हीं प्रतिभाएं, रंगों से लेकर उपलब्धियों तक विद्यार्थियों का सम्मान महनेर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, उमरियापान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार

कलयुग की कलम से राकेश यादव

सेवा संकल्प में निखरी नन्हीं प्रतिभाएं, रंगों से लेकर उपलब्धियों तक विद्यार्थियों का सम्मान महनेर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, उमरियापान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मिले पुरस्कार

कलयुग की कलम उमरिया पान – 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत क्षेत्र के शासकीय विद्यालयों में विभिन्न सामाजिक, जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक शाला महनेर एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान में आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया गया।

महनेर में रंगों से उकेरी प्रतिभा

शासकीय माध्यमिक शाला महनेर में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक सोच को आकर्षक चित्रों के माध्यम से कागज पर उकेरा। विद्यालय पहुंचे क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार चित्रों का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यार्थियों से अध्यापन एवं विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली गई। छात्राओं को पेन एवं कॉपियां भेंट कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।

उमरियापान में विद्यार्थियों का सम्मान

वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरियापान में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री राजेश राजा चौरसिया एवं विद्यालय के प्राचार्य श्री दिलीप बाजपेयी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक, रचनात्मक एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाने के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मक सोच और सेवा भावना को मजबूत करती हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और समाज के प्रति जिम्मेदारी समझने का अवसर मिल रहा है।

कार्यक्रमों के दौरान विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा। क्षेत्र के अन्य शासकीय विद्यालयों में भी सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button