प्रशासनमध्यप्रदेश

गणेश विसर्जन से पहले घाटों पर पुलिस की नजर, एसपी ने लिया सुरक्षा इंतजामों का जायजा,गाटर घाट से लेकर मोहन घाट, रपटा घाट और छपरवाह तक निरीक्षण; भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गणेश विसर्जन से पहले घाटों पर पुलिस की नजर, एसपी ने लिया सुरक्षा इंतजामों का जायजा,गाटर घाट से लेकर मोहन घाट, रपटा घाट और छपरवाह तक निरीक्षण; भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – गणेश प्रतिमा विसर्जन सहित आगामी सामाजिक एवं धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को जिले के प्रमुख विसर्जन स्थलों और घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ गाटर घाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुंड, पीर बाबा, रपटा घाट और छपरवाह घाट सहित अन्य प्रमुख विसर्जन स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संभावित श्रद्धालु भीड़, यातायात व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा इंतजामों की मौके पर जानकारी ली।

भीड़ और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग एवं अन्य व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को भी कहा गया।

एसपी ने अधिकारियों से कहा कि आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। पुलिस अधिकारी स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटों एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, डीएसपी अजाक शिवा पाठक, थाना प्रभारी कोतवाली, थाना प्रभारी यातायात सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

कटनी पुलिस ने नागरिकों से गणेश विसर्जन सहित आगामी सामाजिक एवं धार्मिक पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करने, प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतने का आग्रह किया है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।

Related Articles

Back to top button