बीमार पति को छोड़ दो मासूम बच्चों संग घर से गई महिला, गहने-नकदी ले जाने और प्रेमी के साथ फरार होने का आरोप,पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बीमार पति को छोड़ दो मासूम बच्चों संग घर से गई महिला, गहने-नकदी ले जाने और प्रेमी के साथ फरार होने का आरोप पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कलयुग की कलम उमरिया पान – उमरियापान थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी कलौनी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक महिला पर अपने दो मासूम बच्चों को साथ लेकर घर से चले जाने, सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी साथ ले जाने तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कथित प्रेमी के साथ फरार होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पति ने पत्नी और बच्चों की गुमशुदगी की रिपोर्ट उमरियापान थाने में दर्ज कराई है।
ग्राम बम्हनी कलौनी निवासी दिनेश चौबे ने बताया कि 7 मई की सुबह वह रोज की तरह स्नान कर करौंदी स्थित ब्रह्म स्थान में अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। उनके अनुसार, सुबह लगभग 10:30 बजे उनकी पत्नी ज्ञानबाई चौबे अपनी 8 वर्षीय बेटी शारदा और 5 वर्षीय पुत्र रत्नेश को साथ लेकर घर से निकल गईं। पति का आरोप है कि महिला घर में रखे सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य आवश्यक सामान भी अपने साथ ले गई।
दिनेश चौबे ने बताया कि जब वह घर लौटे तो मकान में ताला लगा मिला। पहले उन्हें लगा कि पत्नी किसी परिचित के यहां या बाजार गई होंगी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटीं। इसके बाद उन्होंने रिश्तेदारों, गांव और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, परंतु कोई सुराग नहीं मिला। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने उन्हें बताया कि महिला एक अन्य व्यक्ति के साथ जाती हुई देखी गई थी। इसके बाद उन्होंने उमरियापान थाने पहुंचकर पत्नी और दोनों बच्चों की गुमशुदगी दर्ज कराई।
पीड़ित के अनुसार, लगभग चार माह पूर्व हुए सड़क हादसे के बाद से उनका स्वास्थ्य प्रभावित है और वे कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। उनका कहना है कि इस समय उन्हें अपने बच्चों की सबसे अधिक चिंता सता रही है।
यह घटना बताती है कि पति-पत्नी का रिश्ता विश्वास, जिम्मेदारी और पारिवारिक मर्यादाओं पर टिका होता है। क्षणिक आकर्षण या भावनात्मक निर्णय न केवल दांपत्य संबंधों को तोड़ते हैं, बल्कि बच्चों के भविष्य पर भी गहरा असर डालते हैं।
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



