कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 119 वारंटी धराए, अपराधियों में मचा हड़कंप,अवैध शराब पर कड़ा शिकंजा, 20 आबकारी प्रकरण दर्ज; शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के वाहन जब्त
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कटनी पुलिस का मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन: 119 वारंटी धराए, अपराधियों में मचा हड़कंप,अवैध शराब पर कड़ा शिकंजा, 20 आबकारी प्रकरण दर्ज; शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के वाहन जब्त
कलयुग की कलम कटनी – जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कटनी पुलिस ने व्यापक स्तर पर मेगा कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर बड़ी कार्रवाई की। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाए गए इस अभियान के दौरान 119 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि अवैध शराब, गुंडा-बदमाशों की निगरानी और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में संचालित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 19 स्थायी वारंट, 57 गिरफ्तारी वारंट और 43 जमानती वारंट तामील किए। इसके साथ ही 31 समन भी संबंधित व्यक्तियों को विधिवत जारी किए गए।
अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 51 गुंडा बदमाशों और 46 निगरानीशुदा बदमाशों का सत्यापन कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी जुटाई। वहीं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 82 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत 20 प्रकरण दर्ज किए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में भी व्यापक जांच अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने 40 होटल, ढाबों एवं सराय, 39 बैंक एटीएम, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा अन्य प्रमुख स्थानों की सघन जांच की। साथ ही 28 मुसाफिरों का सत्यापन भी किया गया।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए।
कटनी पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए ऐसे विशेष कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



