प्रशासनमध्यप्रदेश

आई.टी.आई. चलो अभियान” ने पकड़ी रफ्तार: युवाओं को रोजगार से जोड़ने गांव-गांव पहुंची जागरूकता मुहिम ढीमरखेड़ा में विशेष प्रवेश अभियान, 30 जून तक पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग का अवसर

कलयुग की कलम से राकेश यादव

“आई.टी.आई. चलो अभियान” ने पकड़ी रफ्तार: युवाओं को रोजगार से जोड़ने गांव-गांव पहुंची जागरूकता मुहिम ढीमरखेड़ा में विशेष प्रवेश अभियान, 30 जून तक पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग का अवसर

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित “आई.टी.आई. चलो अभियान” के तहत विकासखंड ढीमरखेड़ा में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से युवाओं एवं युवतियों को आई.टी.आई. में प्रवेश लेकर कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने और रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।

यह अभियान संचालक कौशल विकास एवं रोजगार, मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन तथा शासकीय आई.टी.आई. कटनी के प्राचार्य देवेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम को नोडल प्राचार्य संत सिंह के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया गया।

अधिकारियों से किया संपर्क, मांगा सहयोग

अभियान के दौरान प्रवेश टीम ने एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि गोहल एवं जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र से मुलाकात कर क्षेत्र के अधिकाधिक युवाओं का आई.टी.आई. में पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग सुनिश्चित कराने के लिए सहयोग का अनुरोध किया। अधिकारियों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

युवाओं से आत्मनिर्भर बनने की अपील

एसडीएम निधि गोहल एवं जनपद सीईओ यजुवेंद्र ने क्षेत्र के युवाओं और युवतियों से अपील की कि वे शासकीय आई.टी.आई. ढीमरखेड़ा में संचालित कोपा ट्रेड सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेकर तकनीकी दक्षता हासिल करें। उन्होंने कहा कि अल्प अवधि के प्रशिक्षण के बाद युवा रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं तथा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

30 जून तक कर सकते हैं आवेदन

अभियान के तहत युवाओं को बताया जा रहा है कि आई.टी.आई. प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन पंजीयन एवं चॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

गांव-गांव पहुंच रही प्रवेश जागरूकता टीम

प्रवेश प्रभारी अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम विकासखंड के विभिन्न ग्रामों, विद्यालयों और शासकीय संस्थानों में लगातार संपर्क कर रही है। युवाओं को तकनीकी शिक्षा के महत्व और रोजगार के अवसरों की जानकारी देकर उन्हें आई.टी.आई. से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कटनी जिले ने बनाई प्रदेश में पहचान

आई.टी.आई. प्रवेश अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। प्रवेश सत्र 2026-27 में पंजीयन और चॉइस फिलिंग के मामले में कटनी जिला प्रदेश के शीर्ष 5 जिलों में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है, जो जिले के लिए गौरव और उपलब्धि का विषय माना जा रहा है।

तकनीकी शिक्षा से रोजगार की राह

आई.टी.आई. चलो अभियान न केवल युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा की ओर प्रेरित कर रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगारोन्मुख बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रशासन और विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और अधिक युवा इस अभियान से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे।

Related Articles

Back to top button