बिलहरी में प्रशासन ने सुनी 159 ग्रामीणों की आवाज, समाधान का दिया भरोसा,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में कलेक्टर आशीष तिवारी ने आवेदकों से किया सीधा संवाद, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

बिलहरी में प्रशासन ने सुनी 159 ग्रामीणों की आवाज, समाधान का दिया भरोसा,मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में कलेक्टर आशीष तिवारी ने आवेदकों से किया सीधा संवाद, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को बिलहरी में आयोजित जनसंवाद एवं समस्या निवारण शिविर ग्रामीणों की समस्याओं को प्रशासन तक सीधे पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना। शिविर में विभिन्न समस्याओं से संबंधित 159 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर एक-एक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों से प्रकरण की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कागजी खानापूर्ति नहीं, जमीन पर दिखे समाधान
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की ओर से दिया गया प्रत्येक आवेदन उनके लिए महत्वपूर्ण है। किसी आवेदन के पीछे किसी परिवार की आवश्यकता, उम्मीद और प्रशासन के प्रति विश्वास जुड़ा होता है। इसलिए केवल आवेदन का निराकरण दर्ज करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समस्या का वास्तविक समाधान जमीन पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ प्रकरणों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान ग्रामीण क्रमवार अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने संबंधित विभागों से जानकारी लेकर मामलों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। जनसंवाद के इस सीधे प्रयास से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भरोसा मजबूत होता दिखाई दिया।
ऋण वितरण से कारोबार बढ़ाने की उम्मीद
शिविर में पीएम विश्वकर्मा योजना एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के हितग्राहियों को ऋण सहायता भी प्रदान की गई। कलेक्टर ने बिलहरी निवासी शेख शहीद, फूलसिंह एवं मनोहर बर्मन को ऋण वितरित किया। हितग्राहियों ने बताया कि इस आर्थिक सहायता से वे अपने व्यवसाय को विस्तार देने और आय बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
शिविर में एसपी अभिनव विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनपद सदस्य, सरपंच, पंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



