-खाद वितरण में किसानों को नहीं होगी परेशानी, प्रशासन सख्त,कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए कड़े निर्देश: सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का करें त्वरित निराकरण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई,बैठक से अनुपस्थित दो अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, जनकल्याण शिविरों और जर्जर स्कूल भवनों पर विशेष फोकस
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ई-खाद वितरण में किसानों को नहीं होगी परेशानी, प्रशासन सख्त,कलेक्टर आशीष तिवारी ने दिए कड़े निर्देश: सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का करें त्वरित निराकरण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई,बैठक से अनुपस्थित दो अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश, जनकल्याण शिविरों और जर्जर स्कूल भवनों पर विशेष फोकस
कलयुग की कलम कटनी – जिले में किसानों को उर्वरक वितरण की प्रक्रिया को सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ई-विकास प्रणाली के माध्यम से खाद वितरण में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने समितियों और निजी विक्रेताओं द्वारा उर्वरकों का वितरण निर्धारित व्यवस्था के तहत सुनिश्चित करने के साथ ही फार्मर आईडी को खसरा से लिंक करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कहा कि समिति प्रबंधक, कृषि विभाग का मैदानी अमला और पटवारी आपसी समन्वय बनाकर बकेटिंग कार्य को प्राथमिकता से पूरा करें, जिससे किसानों को खाद वितरण के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर एवं सहायक कलेक्टर श्लोक वाइकर भी उपस्थित रहे।
लापरवाही पर कार्रवाई, दो अधिकारियों का वेतन काटने के निर्देश
बैठक में अनुपस्थित पाए गए बड़वारा के परियोजना अधिकारी एवं बीईओ के प्रति कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए दोनों अधिकारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिक योजनाओं और समीक्षा बैठकों में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर विशेष जोर
कलेक्टर ने लाड़ली बहना योजना, पीएम किसान योजना तथा विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि पटवारियों के साथ बैठक कर शिकायतों का विश्लेषण करें तथा पात्र और अपात्र मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।
बैठक में जल संसाधन, खनिज, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य, खाद्य, वन, कृषि, स्कूल शिक्षा तथा नगरीय विकास विभागों से संबंधित शिकायतों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
12 से 18 जून तक लगेंगे जनकल्याण शिविर
जिले के सभी विकासखंडों और नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 12 से 18 जून के बीच आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इन शिविरों में अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड निर्माण, श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों को जोड़ने पर विशेष बल दिया। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी शिविरों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
बरसात से पहले स्कूल और आंगनवाड़ी भवनों की होगी जांच
मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी भवनों का सुरक्षा मूल्यांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर भवनों की पहचान कर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा आवश्यक होने पर कक्षाओं को सामुदायिक भवनों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
नामांतरण-बंटवारा प्रकरणों का समय पर निपटारा करें
कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि लंबित नामांतरण और बंटवारा प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण किया जाए। साथ ही समग्र ई-केवाईसी अभियान में तेजी लाने के लिए कटनी, रीठी और बड़वारा जनपद पंचायतों को विशेष निर्देश दिए गए।
उन्होंने विद्युत विभाग को जिले की औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सभी विभागों को स्थानांतरण नीति के अनुरूप प्रस्ताव निर्धारित समय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
इन योजनाओं की भी हुई समीक्षा
बैठक में जल गंगा संवर्धन अभियान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य सुधार, पैक्स सदस्यता अभियान, संबल योजना के लंबित आवेदन तथा अनुग्रह सहायता प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।



