एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

इतनी खबर प्रशासन के बाद भी नहीं जागा जिम्मेदार विभाग!उपेक्षा का शिकार ढीमरखेड़ा-सिलोड़ी मार्ग, झाड़ियों से अंधे मोड़ और सड़क पर जलभराव से हादसों का खतरा,पिंडरई में नाली नहीं बनने से सड़क पर जमा हो रहा पानी, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

कलयुग की कलम से राकेश यादव

इतनी खबर प्रशासन के बाद भी नहीं जागा जिम्मेदार विभाग!उपेक्षा का शिकार ढीमरखेड़ा-सिलोड़ी मार्ग, झाड़ियों से अंधे मोड़ और सड़क पर जलभराव से हादसों का खतरा,पिंडरई में नाली नहीं बनने से सड़क पर जमा हो रहा पानी, स्कूली बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – ढीमरखेड़ा से बिरासन पाली होते हुए सिलोड़ी जाने वाला लोक निर्माण विभाग (PWD) का मार्ग इन दिनों बदहाली और विभागीय उपेक्षा की तस्वीर पेश कर रहा है। सड़क किनारे फैली झाड़ियों ने कई हिस्सों को संकरा कर दिया है, जबकि खतरनाक मोड़ों पर झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते। दूसरी ओर पिंडरई गांव में जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा रहने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार कुछ वर्ष पहले तक सड़क के दोनों ओर नियमित रूप से झाड़ियों और अनावश्यक पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई कराई जाती थी। अब लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण सड़क किनारे झाड़ियां तेजी से फैल गई हैं। इससे सड़क की चौड़ाई प्रभावित हो रही है और वाहन चालकों के लिए आवागमन जोखिम भरा बनता जा रहा है।

अंधे मोड़ों पर हर समय हादसे का खतरा

मार्ग पर कई ऐसे मोड़ हैं, जहां झाड़ियों की वजह से सामने से आने वाला वाहन समय रहते दिखाई नहीं देता। ग्रामीणों का कहना है कि इन स्थानों पर दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहता है। सड़क की नियमित सफाई और झाड़ियों की कटाई नहीं होने से समस्या और गंभीर हो गई है।

पिंडरई में सड़क बनी जलभराव का शिकार

इसी मार्ग पर स्थित पिंडरई गांव में जल निकासी की समस्या भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के भीतर सड़क निर्माण के दौरान अपेक्षित नाली व्यवस्था नहीं बनाई गई। इसके चलते बरसात और घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर जमा हो जाता है।

सड़क पर पानी भरा रहने से राहगीरों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव से सड़क की स्थिति प्रभावित होने के साथ आवागमन में भी लगातार दिक्कतें बढ़ रही हैं।

शिकायतों के बाद भी स्थिति जस की तस

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क की सफाई, झाड़ियों की कटाई और नाली निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार शिकायतें और आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागीय अधिकारी मौके की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद भी ठेकेदार के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई नहीं होने से समस्याएं बनी हुई हैं। हालांकि इन आरोपों पर संबंधित विभाग और ठेकेदार का पक्ष सामने नहीं आया है।

जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ढीमरखेड़ा-सिलोड़ी मार्ग की तत्काल साफ-सफाई कराकर सड़क किनारे फैली झाड़ियों की कटाई कराई जाए। साथ ही पिंडरई में जल निकासी के लिए नाली निर्माण कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

Related Articles

Back to top button