प्रशासनमध्यप्रदेश

गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की पड़ताल: जिला पंचायत की टीम ने परखी जमीनी हकीकत, सीईओ कौर के निर्देश पर तेज हुआ निरीक्षण अभियान,प्लांटेशन, खेत तालाब, सामुदायिक भवन और प्रधानमंत्री आवास योजना का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से सीधे संवाद कर दिए आवश्यक निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांव-गांव पहुंचकर योजनाओं की पड़ताल: जिला पंचायत की टीम ने परखी जमीनी हकीकत, सीईओ कौर के निर्देश पर तेज हुआ निरीक्षण अभियान,प्लांटेशन, खेत तालाब, सामुदायिक भवन और प्रधानमंत्री आवास योजना का किया निरीक्षण, हितग्राहियों से सीधे संवाद कर दिए आवश्यक निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचे, इसके लिए जिला पंचायत की ओर से मैदानी निरीक्षण लगातार जारी है। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर के निर्देशन में योजना प्रभारी अधिकारी ग्राम पंचायतों का नियमित भ्रमण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर रहे हैं।

इसी क्रम में बुधवार को व्हीबी-जी राम जी योजना के परियोजना अधिकारी ऋषि राज चढ़ार ने जनपद पंचायत कटनी अंतर्गत ग्राम पंचायत सरसवाही, मड़ई और जुहला का दौरा किया। उन्होंने ‘मां की बगिया’ के तहत किए गए पौधरोपण, खेत तालाब तथा सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही उद्यान विभाग के विशेषज्ञों के परामर्श अनुसार आवश्यक कीटनाशकों के छिड़काव की सलाह भी दी गई, ताकि पौधों का बेहतर संरक्षण हो सके।

वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभारी मृगेंद्र सिंह ने जनपद पंचायत रीठी की ग्राम पंचायत कैमोरी, खमरिया दो और बिलहरी का भ्रमण किया। उन्होंने निर्माणाधीन आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से सीधे चर्चा की तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आवास निर्माण में आ रही समस्याओं और बाधाओं की जानकारी लेकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक सुझाव भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अन्य निर्माण कार्यों के साथ मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित पंचायत अमले को योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। भ्रमण के समय ग्राम पंचायतों के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button