ढीमरखेड़ा जनकल्याण शिविर में उमड़ा जनसैलाब: विधायक, कलेक्टर और एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं,पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगा हर योजना का लाभ, 70 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

ढीमरखेड़ा जनकल्याण शिविर में उमड़ा जनसैलाब: विधायक, कलेक्टर और एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं,पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगा हर योजना का लाभ, 70 आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड ढीमरखेड़ा में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर के प्रथम दिवस जनसहभागिता का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। शिविर में 70 आवेदन पंजीकृत हुए, जिनके शीघ्र निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
विकास और सुशासन की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं : विधायक सिंह
विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा एवं व्यापारियों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर सुशासन के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सरलता से उपलब्ध कराना है।
110 से अधिक योजनाओं की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कहा कि शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की 110 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को एक मंच पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
विधायक, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर स्थानीय देशी व्यंजनों का स्वाद भी लिया। इसके बाद अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल, विद्यार्थियों को मिली साइकिल
शिविर में हितलाभ वितरण कार्यक्रम के तहत पात्र दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल तथा छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। इसके अलावा संबल योजना की अनुग्रह सहायता राशि, लाड़ली लक्ष्मी योजना के आश्वासन प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आधार कार्ड संबंधी समस्याओं के निराकरण एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए भी विशेष स्टॉल लगाए गए थे।
कन्या पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन, मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर का आयोजन आगामी दिनों में भी जारी रहेगा, जहां आमजन विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम में एसडीएम निधि सिंह गोहल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता संतोष दुबे, जनपद पंचायत सीईओ यजुवेंद्र कोरी, बीएमओ डॉ. बी.के. प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



