कुपोषण पर कलेक्टर की सख्ती, हर बच्चे तक पहुंचे पोषण-स्वास्थ्य और शिक्षा का लाभ,3 से 6 वर्ष के बच्चों के शत-प्रतिशत पंजीयन और वजन कराने के निर्देश, आंगनवाड़ी सेवाओं की नियमित निगरानी पर जोर
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कुपोषण पर कलेक्टर की सख्ती, हर बच्चे तक पहुंचे पोषण-स्वास्थ्य और शिक्षा का लाभ,3 से 6 वर्ष के बच्चों के शत-प्रतिशत पंजीयन और वजन कराने के निर्देश, आंगनवाड़ी सेवाओं की नियमित निगरानी पर जोर
कलयुग की कलम कटनी – बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक शिक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया है। जिला पोषण समिति की बैठक में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों की सेवाओं की नियमित निगरानी और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, सीएमएचओ डॉ. राजसिंह ठाकुर, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास सुश्री वनश्री कुर्वेती सहित विभागीय अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
पोषण माह की गतिविधियों की हो नियमित प्रविष्टि
कलेक्टर श्री तिवारी ने 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत आयोजित की जा रही गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना अधिकारियों को सभी गतिविधियों की नियमित प्रविष्टि जन आंदोलन पोर्टल पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अभियान की प्रगति की प्रभावी निगरानी हो सके।
3 से 6 वर्ष के हर बच्चे का आंगनवाड़ी में पंजीयन जरूरी
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों के क्षेत्र में आने वाले 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए। बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों से संपर्क करने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित शाला पूर्व शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
हर पात्र बच्चे को मिले गर्म पका भोजन और टीएचआर
आईसीडीएस सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मापदंड के अनुसार गर्म पका भोजन एवं टेक होम राशन (टीएचआर) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मैदानी स्तर पर पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। इसके लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
सैम-मैम बच्चों की पहचान और वजन पर विशेष निगरानी
कलेक्टर ने सैम एवं मैम बच्चों के सही चिन्हांकन के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत शत-प्रतिशत बच्चों का वजन कराने के निर्देश दिए। परियोजना अधिकारियों और पर्यवेक्षकों को नियमित फील्ड भ्रमण कर बच्चों की पोषण स्थिति तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए।
कुपोषित बच्चों का बनेगा नियमित फॉलोअप
मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों के उचित प्रबंधन और निरंतर फॉलोअप पर जोर दिया गया। प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र में सैम एवं मैम बच्चों की व्यक्तिगत प्रोफाइल तैयार कर उसे नियमित रूप से अद्यतन करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों की स्थिति में होने वाले बदलावों की लगातार निगरानी की जा सके।
दिव्यांगता की जल्द पहचान, रिफरल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
बैठक में बच्चों में दिव्यांगता की जल्द पहचान, स्वास्थ्य परीक्षण, रिफरल और संबंधित सेवाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी जोर दिया गया।
आभा-अपार आईडी और समग्र सत्यापन में तेजी
बैठक में आभा आईडी, अपार आईडी निर्माण तथा हितग्राहियों के समग्र सत्यापन की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने लंबित कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
लाड़ली लक्ष्मी और मातृ वंदना योजना का मिले शत-प्रतिशत लाभ
मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लक्ष्यपूर्ति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने और उन्हें समय पर लाभ दिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी भवन और शौचालय निर्माण में तेजी
आंगनवाड़ी भवन निर्माण, शौचालय निर्माण तथा सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। लंबित निर्माण कार्यों को गति देने के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश परियोजना अधिकारियों को दिए गए।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा से संकल्प’ अभियान
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले ‘सेवा से संकल्प’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित गतिविधियों का प्रभावी और समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्कृष्ट कार्य पर आंगनवाड़ी सहायिका सम्मानित
बैठक के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र खरगवां, परियोजना बहोरीबंद की आंगनवाड़ी सहायिका श्रीमती मिथलेश लोधी को आंगनवाड़ी केंद्र के बेहतर संचालन, शाला पूर्व शिक्षा तथा आईसीडीएस सेवाओं के प्रभावी प्रदाय में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं शाल प्रदान कर सम्मानित किया।



