प्रशासनमध्यप्रदेश

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सीईओ कौर की नजर,अचानक गांव पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ कौर, निर्माण कार्यों की खुली जांच,पिलौंजी के शांती धाम में सीसी रोड और जाली फिनिशिंग का लिया जायजा, लापरवाही पर सख्त निर्देश

कलयुग की कलम से राकेश यादव

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सीईओ कौर की नजर,अचानक गांव पहुंचीं जिला पंचायत सीईओ कौर, निर्माण कार्यों की खुली जांच,पिलौंजी के शांती धाम में सीसी रोड और जाली फिनिशिंग का लिया जायजा, लापरवाही पर सख्त निर्देश

कलयुग की कलम कटनी – ग्रामीण क्षेत्रों में कराए जा रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में महात्मा गांधी जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर ने जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत पिलौंजी में विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

बिना पूर्व सूचना किए गए निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने पिलौंजी स्थित शांती धाम, निर्मित सीसी रोड तथा जाली फिनिशिंग कार्य का मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और पंचायत के मैदानी अमले से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों के संबंध में जानकारी ली।

मापदंडों से समझौता नहीं, प्राक्कलन के अनुरूप हो काम

श्रीमती कौर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंचायत स्तर पर कराए जा रहे प्रत्येक निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों और स्वीकृत प्राक्कलन का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता से लेकर कार्य की फिनिशिंग और उपयोगिता तक प्रत्येक पहलू पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे हों और उनकी गुणवत्ता ऐसी हो कि ग्रामीणों को लंबे समय तक उनका लाभ मिल सके।

अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश

जिला पंचायत सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं मौके पर पहुंचकर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति भी स्थल पर जाकर देखना जरूरी है।

ग्रामीणों की जरूरत से सीधे जुड़े हैं निर्माण कार्य

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्मित होने वाली सड़क, भवन और अन्य आधारभूत सुविधाएं सीधे आमजन की जरूरतों से जुड़ी होती हैं। ऐसे में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, उपयोगिता और टिकाऊपन पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। गुणवत्तापूर्ण निर्माण से ही सरकारी धन का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होने के साथ ग्रामीणों को स्थायी सुविधा मिल सकती है।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत कटनी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button