24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी का ट्रैक्टर बरामद,स्लीमनाबाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आरोपी की तलाश जारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

24 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी का ट्रैक्टर बरामद,स्लीमनाबाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, आरोपी की तलाश जारी
कलयुग की कलम स्लीमनाबाद – कटनी जिले की स्लीमनाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी हुए ट्रैक्टर को महज 24 घंटे के भीतर बरामद कर एक बार फिर अपनी सक्रियता साबित की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का भरोसा मजबूत हुआ है। फिलहाल मामले में अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुआं निवासी सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने थाना स्लीमनाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपना नीले रंग का स्वराज कंपनी का ट्रैक्टर क्रमांक MP 20 AA 2451, मॉडल स्वराज 735 FE वर्ष 2010, 21 मई को राइस मिल के पास खड़ा किया था। अगले दिन जब वे मौके पर पहुंचे तो ट्रैक्टर गायब मिला। साथ ही वहां लगे गेट का ताला टूटा हुआ था, जिससे चोरी की आशंका स्पष्ट हुई।
शिकायत मिलते ही थाना स्लीमनाबाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 317/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में पुलिस टीम ने लगातार खोजबीन करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर को ग्राम रामपुर क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद कर लिया।
पुलिस की इस सफलता में थाना प्रभारी सुदेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक मथुरा प्रसाद, प्रधान आरक्षक अंकित दुबे, आरक्षक अभिषेक राजावत तथा सैनिक राजकुमार परोहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्लीमनाबाद पुलिस की इस तेज कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



