19 से 25 नवंबर तक सजेगा विरासत का उत्सव, धरोहरों के संरक्षण की तैयारी! विश्व धरोहर सप्ताह पर गांव-गांव होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने जनपद अधिकारियों को दिए निर्देश; अनुराग मोदी बनाए गए नोडल अधिकारी
कलयुग की कलम से राकेश यादव

19 से 25 नवंबर तक सजेगा विरासत का उत्सव, धरोहरों के संरक्षण की तैयारी! विश्व धरोहर सप्ताह पर गांव-गांव होंगे जागरूकता कार्यक्रम, जिला पंचायत सीईओ हर सिमरनप्रीत कौर ने जनपद अधिकारियों को दिए निर्देश; अनुराग मोदी बनाए गए नोडल अधिकारी
कलयुग की कलम कटनी – जिले में 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान ऐतिहासिक स्थलों, प्राचीन स्मारकों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला पंचायत सीईओ सुश्री हर सिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। वहीं जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी को इस आयोजन का नोडल अधिकारी नामांकित किया गया है।
विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों की साफ-सफाई, रखरखाव और संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। ग्राम पंचायत स्तर पर जनभागीदारी के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें स्कूली विद्यार्थियों, युवाओं और ग्रामीण नागरिकों को शामिल कर स्थानीय विरासत के महत्व से परिचित कराया जाएगा।
मध्यप्रदेश की तीन धरोहरें विश्व सूची में शामिल
यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में मध्यप्रदेश के भीमबेटका, सांची स्तूप और खजुराहो के मंदिर विशेष स्थान रखते हैं। इसके अलावा प्रदेश की 19 अन्य धरोहरों के प्रस्ताव संभावित सूची में शामिल हैं। इस तरह प्रदेश की कुल 22 विरासत संपदाएं यूनेस्को की विश्व विरासत से संबद्ध हैं।
आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत बचाना जरूरी
सीईओ सुश्री कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान होने वाली गतिविधियों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें हमारी पहचान हैं। इनका संरक्षण केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सामूहिक प्रयासों से ही इस अमूल्य विरासत को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखा जा सकता है।



