प्रशासनमध्यप्रदेश

पर्वों पर शांति और सुरक्षा का रहेगा पहरा पर्वों की भव्यता के बीच रहेगी शांति और सुरक्षा की कड़ी निगरानी,जिला शांति समिति की बैठक में बड़ा फैसला: नवरात्रि से दीपावली तक सौहार्दपूर्ण माहौल में होंगे आयोजन, विसर्जन मार्गों पर CCTV और यातायात की विशेष व्यवस्था

कलयुग की कलम से राकेश यादव

पर्वों पर शांति और सुरक्षा का रहेगा पहरा पर्वों की भव्यता के बीच रहेगी शांति और सुरक्षा की कड़ी निगरानी,जिला शांति समिति की बैठक में बड़ा फैसला: नवरात्रि से दीपावली तक सौहार्दपूर्ण माहौल में होंगे आयोजन, विसर्जन मार्गों पर CCTV और यातायात की विशेष व्यवस्था

कलयुग की कलम कटनी – जिले में आगामी पर्व एवं त्यौहार हर्षोल्लास, उमंग और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। नवरात्रि, जवारा विसर्जन, दशहरा, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं गुरुनानक जयंती सहित विभिन्न पर्वों के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर आशीष तिवारी ने की।

बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शांति समिति के सदस्यों ने पर्वों के व्यवस्थित आयोजन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्राप्त सुझावों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

19 को जवारा विसर्जन, 20 अक्टूबर से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

बैठक में तय किया गया कि 19 अक्टूबर को जवारा विसर्जन होगा, जबकि 20 अक्टूबर को महाआरती के बाद शाम से दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन शुरू किया जाएगा। कलेक्टर ने नगर निगम को शहर की सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कराने तथा प्रतिमा विसर्जन मार्गों पर स्वचलित शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी दुर्गा प्रतिमाएं निर्धारित क्रम और तय मार्ग से ही निकाली जाएंगी। विसर्जन मार्गों पर लटकते, झूलते एवं कम ऊंचाई वाले बिजली के तारों को समय रहते व्यवस्थित करने के निर्देश विद्युत विभाग को दिए गए, ताकि जुलूस एवं विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

कलेक्टर ने दुर्गा समितियों, समाजसेवियों और आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों से जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करने की अपील की। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों को पर्वों के दौरान मजबूत कानून व्यवस्था का भरोसा दिलाया।

पंडाल लगाने से पहले लेना होगा अस्थाई विद्युत कनेक्शन

कलेक्टर ने दुर्गा समितियों से कहा कि प्रतिमा स्थापना से पहले ही पंडाल के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर लिया जाए। साथ ही सभी अनुविभागों और पुलिस थाना स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

जुलूस मार्ग से विसर्जन स्थल तक CCTV की निगरानी

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पर्वों के दौरान बेहतर यातायात व्यवस्था के साथ जुलूस के पूरे मार्ग पर CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक विसर्जन स्थल पर भी CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उपलब्ध पुलिस बल एवं संसाधनों के बीच भी कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

एसपी ने दुर्गा समितियों से युवाओं को संयम और अनुशासन के साथ पर्व मनाने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

डीजे पर प्रतिबंध, ध्वनि विस्तारक यंत्र के लिए अनुमति जरूरी

बैठक में इको फ्रेंडली मिट्टी की दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना को प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। प्रतिमा विसर्जन एवं पंडालों में डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्र के उपयोग के लिए संबंधित क्षेत्र के एसडीएम, एसडीओपी, सीएसपी अथवा पुलिस थाने से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

बैठक में आजाद चौक से झंडा बाजार तक जुलूस मार्ग पर तीन एवं चार पहिया वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित करने का सुझाव भी सामने आया, जिस पर आवश्यक व्यवस्था बनाने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में ये अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, निगमायुक्त तपस्या परिहार, अपर कलेक्टर नीलांबर मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रमोद चतुर्वेदी, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित शुक्ला, अमर ताम्रकार, नवनीत गुप्ता सहित पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button