नशे के खिलाफ गूंजे जागरूकता के स्वर, विद्यार्थियों ने गांव में दिया ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ का संदेश,सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में निकली जनजागरूकता रैली, ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील
कलयुग की कलम से राकेश यादव

नशे के खिलाफ गूंजे जागरूकता के स्वर, विद्यार्थियों ने गांव में दिया ‘नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो’ का संदेश,सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में निकली जनजागरूकता रैली, ग्रामीणों से नशे से दूर रहने की अपील
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा नशा मुक्त भारत की थीम पर जनजागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आकृति के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार नागवंशी के नेतृत्व में आयोजित रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
रैली में विद्यार्थी हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर नशे के खिलाफ प्रभावी नारे लगाते हुए गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई तथा नशे की आदत से दूर रहकर स्वस्थ एवं बेहतर जीवन जीने का आह्वान किया गया।
विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो”, “नशे की लत एक बीमारी है, इससे दूर रहना समझदारी है”, “जो नशे को हराएगा, वही सच्चा वीर कहलाएगा” जैसे नारों के माध्यम से लोगों में जागरूकता का संदेश पहुंचाया। वहीं “बीड़ी पीकर खांस रहा है, मौत से आगे नाच रहा है” जैसे संदेशों के जरिए धूम्रपान के गंभीर दुष्परिणामों की ओर भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और ग्रामीण समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना रहा।
इस अवसर पर डॉ. सचिन कोष्टा, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. राजा राम सिंह, डॉ. मनीष व्यास, सुश्री काव्या साहू, डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी, डॉ. हर्षित द्विवेदी, डॉ. स्मिता परसाई, श्री युवराज कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।



