कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास निरीक्षण,बालिकाओं की सुविधाओं में नहीं चलेगी लापरवाही! विधायक-कलेक्टर ने छात्रावास का लिया जायजा,पहाड़ी के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में व्यवस्थाओं की पड़ताल, आधुनिक पुस्तकों से लेकर पर्याप्त बेड-बिस्तरों तक के दिए निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास निरीक्षण,बालिकाओं की सुविधाओं में नहीं चलेगी लापरवाही! विधायक-कलेक्टर ने छात्रावास का लिया जायजा,पहाड़ी के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में व्यवस्थाओं की पड़ताल, आधुनिक पुस्तकों से लेकर पर्याप्त बेड-बिस्तरों तक के दिए निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – मुड़वारा विधायक श्री संदीप जायसवाल एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने पहाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर वहां बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को छात्रावास में अध्ययनरत छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी श्री गर्वित गंगवार, एसडीएम कटनी श्री जितेन्द्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री सच्चिदानंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लाइब्रेरी में हों आधुनिक और उपयोगी पुस्तकें
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री तिवारी ने छात्रावास की लाइब्रेरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बालिकाओं के अध्ययन को बेहतर बनाने के लिए पुस्तकालय में पर्याप्त संख्या में आधुनिक, ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने पुस्तकों के व्यवस्थित रखरखाव और संधारण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पुस्तकालय केवल औपचारिक व्यवस्था बनकर न रह जाए, बल्कि बालिकाओं की पढ़ाई और ज्ञानवर्धन में उसका प्रभावी उपयोग होना चाहिए।
हर बालिका को मिले पर्याप्त बेड-बिस्तर
कलेक्टर ने छात्रावास में बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी छात्राओं के लिए पर्याप्त संख्या में बेड एवं आवश्यक बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी बालिका को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ, सुविधाजनक और अध्ययन के अनुकूल वातावरण मिलना आवश्यक है। उनकी सुविधाओं में किसी भी स्तर पर कमी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर
विधायक एवं कलेक्टर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली तथा सुधार के लिए दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।



