प्रशासनमध्यप्रदेश

छात्रावास से स्कूल तक पहुंचा प्रशासन, विद्यार्थियों से सीधे जाना हाल-ए-व्यवस्था,एसीईओ अनुराग मोदी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर परखी सुविधाएं और चखा मध्यान्ह भोजन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

छात्रावास से स्कूल तक पहुंचा प्रशासन, विद्यार्थियों से सीधे जाना हाल-ए-व्यवस्था,एसीईओ अनुराग मोदी ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर परखी सुविधाएं और चखा मध्यान्ह भोजन

कलयुग की कलम कटनी – जन विश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रावास एवं शैक्षणिक संस्थानों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत जानी। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कटनी अनुराग मोदी एवं जिला संयोजक विमल चौरसिया ने राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह सीनियर बालक छात्रावास, देवरी भदौरा, विकासखंड कटनी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्रावास में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध आवास, स्वच्छता, भोजन, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक व्यवस्थाओं तथा समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।

अधिकारियों ने छात्रावास प्रबंधन को विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्कूलों में बच्चों से संवाद, मध्यान्ह भोजन भी चखा

भ्रमण के दौरान एसीईओ अनुराग मोदी ने ग्राम पंचायत लखपतेरी एवं बिछुआ की प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्यान्ह भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन तैयार कराने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

व्यवस्थाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शैक्षणिक संस्थानों एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा विद्यार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जन विश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों सहित हितग्राहियों तक शासन की सेवाओं की बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

ये रहे मौजूद

इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, मृगेंद्र सिंह, ऋषि राज चढ़ार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button