गांधी जयंती पर महाविद्यालय में गूंजा ‘सेवा मेरा योगदान’ का संदेश,ढीमरखेड़ा कॉलेज में व्याख्यान, स्वच्छता अभियान और छात्रवृत्ति समस्या का समाधान; विद्यार्थियों ने किया श्रमदान
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांधी जयंती पर महाविद्यालय में गूंजा ‘सेवा मेरा योगदान’ का संदेश,ढीमरखेड़ा कॉलेज में व्याख्यान, स्वच्छता अभियान और छात्रवृत्ति समस्या का समाधान; विद्यार्थियों ने किया श्रमदान
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शासकीय महाविद्यालय ढीमरखेड़ा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या डॉ. आकृति के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘सेवा मेरा योगदान’ थीम पर व्याख्यान माला, स्वच्छता अभियान तथा ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत छात्रवृत्ति संबंधी तकनीकी सहयोग प्रदान करने की गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इसके बाद महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
परिसर में चला स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों ने किया श्रमदान
स्वच्छता अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई की गई। विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने कचरे का एकत्रीकरण कर उसके उचित निस्तारण में सहयोग दिया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए श्रमदान किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के प्रति नागरिक जिम्मेदारी से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन की आदत और सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।
चार विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति समस्या का हुआ समाधान
कार्यक्रम के दौरान ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय शिविर में छात्रवृत्ति संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए तकनीकी सहयोग भी प्रदान किया गया। ‘गांव की बेटी योजना’ की छात्रवृत्ति से संबंधित समस्या से जूझ रहे महाविद्यालय में अध्ययनरत चार विद्यार्थियों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराकर उनकी समस्या का समाधान किया गया।
इस पहल से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति संबंधी प्रक्रिया में आ रही परेशानी से राहत मिली और उन्हें शासन की योजना का लाभ प्राप्त करने में सहयोग मिला।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर डॉ. श्वेता सिंह बघेल, डॉ. सचिन कोस्टा, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. राजा राम सिंह, सुश्री काव्या साहू एवं डॉ. हर्षित द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अखिलेश कुमार द्विवेदी ने किया।



