एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान… गांव-गांव चला स्वच्छता का महाअभियान,गांधी जयंती पर ‘सेवा मेरा योगदान’ की गूंज, जनभागीदारी से जिलेभर में हुआ स्वच्छता उत्सव
कलयुग की कलम से राकेश यादव

एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान… गांव-गांव चला स्वच्छता का महाअभियान,गांधी जयंती पर ‘सेवा मेरा योगदान’ की गूंज, जनभागीदारी से जिलेभर में हुआ स्वच्छता उत्सव
कलयुग की कलम कटनी – राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत जिलेभर में जनभागीदारी से व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। ‘सेवा मेरा योगदान—एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान’ के संदेश के साथ विभिन्न विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान किया। सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता को अपनी दैनिक जिम्मेदारी बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक से दूरी रखने का संदेश दिया गया।
बड़वारा में विधायक की अगुवाई में श्रमदान
बड़वारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विधायक श्री धीरेंद्र बहादुर सिंह की अगुवाई में कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और स्वच्छता शपथ के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ बनाया।
इस दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने का संकल्प लिया गया। विधायक श्री सिंह ने लोगों को कपड़े के थैले वितरित करते हुए प्लास्टिक के विकल्प अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने का संदेश दिया।
मरही माता मंदिर परिसर में भी चला सफाई अभियान
बहोरीबंद क्षेत्र के मरही माता मंदिर परिसर में भी स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जनपद सदस्य श्री प्रकाश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष श्री लोकेश व्यहवार एवं सरपंच श्रीमती मधु ब्रजेश गुप्ता सहित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने अभियान में भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण और स्वच्छता शपथ से हुई। इसके बाद सभी ने मिलकर श्रमदान किया। लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार के लिए प्रेरित किया गया।
गांव-गांव श्रमदान, ग्राम सभाओं में भी हुई चर्चा
जनपद पंचायत कटनी की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता उत्सव के तहत सामूहिक श्रमदान और साफ-सफाई की गतिविधियां आयोजित की गईं। ग्राम सभाओं में गांव की स्वच्छता व्यवस्था का आकलन करते हुए स्थानीय आवश्यकताओं और सुधार के लिए किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।
स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का संदेश
अभियान के माध्यम से जिलेवासियों से स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे निरंतर जनभागीदारी से चलने वाली गतिविधि बनाने का आह्वान किया गया। सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने और सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने का संदेश भी दिया गया।
जिलेभर में एक साथ हुए श्रमदान और स्वच्छता कार्यक्रमों ने स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक गांवों के निर्माण के सामूहिक संकल्प को मजबूती दी।



