जमुनिया के जंगल में जंगली सूअर का शिकार, चार शिकारी गिरफ्तार! वन विभाग की घेराबंदी में फंसे आरोपी, ताजा मांस समेत दो बका, कुल्हाड़ी और लोहे के फंदे बरामद
कलयुग की कलम से राकेश

जमुनिया के जंगल में जंगली सूअर का शिकार, चार शिकारी गिरफ्तार! वन विभाग की घेराबंदी में फंसे आरोपी, ताजा मांस समेत दो बका, कुल्हाड़ी और लोहे के फंदे बरामद
कलयुग की कलम ढीमरखेड़ा – वन क्षेत्र के जमुनिया जंगल में जंगली सूअर का शिकार किए जाने के मामले में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से जंगली सूअर का ताजा मांस, दो बका, एक कुल्हाड़ी, क्लच वायर के फंदे तथा करीब एक किलो जीआई तार सहित शिकार में उपयोग की जाने वाली सामग्री बरामद की गई है। वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही जंगल में पहुंची वन विभाग की टीम
वन विभाग को सूचना मिली थी कि जमुनिया गांव के समीप जंगल में कुछ लोग जंगली सूअर का शिकार कर उसके मांस को बांटने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेंजर सचिन नामदेव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और मौके से चार संदिग्धों को पकड़ लिया।
तलाशी में मिला शिकार का सामान
वन विभाग की टीम द्वारा आरोपियों की तलाशी लेने पर जंगली सूअर का ताजा कटा हुआ मांस बरामद हुआ। इसके साथ ही दो बका, एक कुल्हाड़ी, वन्यजीवों को फंसाने के लिए इस्तेमाल होने वाले क्लच वायर के दो फंदे तथा एक किलो जीआई तार भी जब्त किया गया।
रेंजर सचिन नामदेव के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान बहोरीबंद निवासी शक्ति कोल, गुलाब कोल, मनीष कोल और राजेंद्र कोल के रूप में हुई है। वन विभाग ने बरामद सामग्री को जब्त करते हुए चारों के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई जारी
वन विभाग द्वारा आरोपियों को कटनी न्यायालय में पेश किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार करने अथवा उन्हें नुकसान पहुंचाने वाले लोगों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।



