एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

गांवों के विकास में गुणवत्ता से समझौता नहीं, तकनीकी मानकों के पालन पर जोर,जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने प्रमुख अभियंता के.एस. मिर्धा से की सौजन्य भेंट, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं पर हुआ मंथन

कलयुग की कलम से राकेश यादव

गांवों के विकास में गुणवत्ता से समझौता नहीं, तकनीकी मानकों के पालन पर जोर,जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने प्रमुख अभियंता के.एस. मिर्धा से की सौजन्य भेंट, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और तकनीकी पहलुओं पर हुआ मंथन

कलयुग की कलम कटनी – पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के भ्रमण पर कटनी पहुंचे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के प्रमुख अभियंता एवं राज्य स्तरीय तकनीकी अधिकारी के.एस. मिर्धा से जिला पंचायत सदस्य एवं संचार-संकर्म समिति के अध्यक्ष अजय गोटिया ने अरिंदम होटल पहुंचकर सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की तकनीकी गुणवत्ता, प्राक्कलन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

भेंट के दौरान श्री गोटिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सड़क, नाली, भवन, पेयजल सहित अन्य विकास कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों के पालन और गुणवत्तापूर्ण निर्माण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में सरकार द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य केवल निर्धारित समय में पूरे होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि वे लंबे समय तक ग्रामीणों के लिए उपयोगी और टिकाऊ बने रहें।

उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी, गुणवत्ता नियंत्रण तथा तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया को प्रभावी बनाए जाने की आवश्यकता भी रखी। साथ ही आधुनिक तकनीक के उपयोग, प्राक्कलन की शुद्धता और निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूर्ण कराने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रमुख अभियंता श्री मिर्धा ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित कार्यों में तकनीकी मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण के महत्व पर जानकारी साझा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता बताई।

इस अवसर पर श्री गोटिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का वास्तविक और स्थायी विकास जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के बेहतर समन्वय से ही संभव है। निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संवाद और निगरानी आवश्यक है।

सौजन्य भेंट के दौरान ग्रामीण यांत्रिकी सेवा की प्रभारी कार्यपालन यंत्री मेघा मौर्य, सहायक यंत्री अजय केसरवानी, अभिषेक त्रिपाठी एवं योगेंद्र कुमार असाटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button