जिला पंचायत सामान्य सभा में जनहित के मुद्दों पर मंथन,जिला पंचायत की बैठक में गूंजे गांवों के मुद्दे, विकास कार्यों की खुली समीक्षा,सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर बिजली और अवैध पैकारियों तक पर हुई तीखी चर्चा; योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

जिला पंचायत सामान्य सभा में जनहित के मुद्दों पर मंथन,जिला पंचायत की बैठक में गूंजे गांवों के मुद्दे, विकास कार्यों की खुली समीक्षा,सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य से लेकर बिजली और अवैध पैकारियों तक पर हुई तीखी चर्चा; योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश
कलयुग की कलम कटनी – जिला पंचायत कटनी की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं सदन के सामने रखीं, वहीं अधिकारियों को लंबित कार्यों के निराकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी हरसिमरनप्रीत कौर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी सहित जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया, प्रदीप त्रिपाठी, प्रेमलाल केवट, कविता पंकज राय, माला मौसी, प्रिया सिंह, संगीता देवी पटेल, रीना लोधी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। पूर्व बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन प्रतिवेदन पर भी सदन के समक्ष विभागवार जानकारी प्रस्तुत की गई।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि के मुद्दे उठे
वरिष्ठ जिला पंचायत सदस्य अजय गोटिया ने ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि संबंधी विषयों को प्रमुखता से सदन में रखा। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया।
वहीं जिला पंचायत सदस्य प्रदीप त्रिपाठी ने क्षेत्र में अवैध पैकारियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराने का मुद्दा उठाया। उन्होंने जनकल्याण से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा व्यक्त की।
अन्य सदस्यों ने भी अपने क्षेत्रों में पेयजल, सड़क, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य एवं सहकारिता सहित मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं। सदस्यों ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार करने पर जोर दिया।
गुणवत्ता और पारदर्शिता से समझौता नहीं
जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति को तेज करना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभागों को जनहित के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करना होगा।
सीईओ ने विभागवार ली जानकारी
जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से लेने तथा आवश्यक कार्रवाई निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि आमजन को योजनाओं और सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
कई विभागों की योजनाओं की हुई समीक्षा
सामान्य सभा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य, सहकारिता, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत, आबकारी सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित कार्यों की स्थिति से सदन को अवगत कराया।
बैठक में जनपद अध्यक्ष बड़वारा, विजयराघवगढ़, बहोरीबंद एवं रीठी तथा विधायक प्रतिनिधि बहोरीबंद पप्पू मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में परियोजना अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, ऋषिराज चढ़ार, कमलेश सैनी, योगेंद्र कुमार असाटी, जी. किस्पोट्टा, मोहम्मद आरिफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सामान्य सभा में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।



