गौशाला पहुंचा प्रशासन, गौवंश की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,जन विश्वास अभियान के तहत विद्या सागर सेवा आश्रम समिति की गौशाला का निरीक्षण; पशु शवदाह भट्टी और भूमि आवंटन की मांग पर सौंपा ज्ञापन
कलयुग की कलम से राकेश यादव

गौशाला पहुंचा प्रशासन, गौवंश की व्यवस्थाओं का लिया जायजा,जन विश्वास अभियान के तहत विद्या सागर सेवा आश्रम समिति की गौशाला का निरीक्षण; पशु शवदाह भट्टी और भूमि आवंटन की मांग पर सौंपा ज्ञापन
कलयुग की कलम गोसलपुर – जन विश्वास अभियान के तहत 21 अगस्त 2026 को विद्या सागर सेवा आश्रम समिति की गौशाला, सम्मेदगिरी गोसलपुर में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों का आगमन हुआ। इस दौरान जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, सिहोरा विधायक संतोष वरकड़े और जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने गौशाला का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गौशाला परिसर में गौवंशों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, चारा-पानी तथा देखभाल की व्यवस्था का जायजा लिया। गौशाला प्रबंधन द्वारा गौवंशों की देखभाल के लिए किए जा रहे प्रयासों की अधिकारियों ने सराहना की तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर गौशाला समिति की ओर से सिहोरा तहसील में पशु शवदाह भट्टी (एनिमल इन्सिनरेटर) स्थापित करने तथा मृत गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए भूमि आवंटित किए जाने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने बताया कि ऐसी व्यवस्था होने से मृत पशुओं के अंतिम संस्कार की समस्या का स्थायी और सम्मानजनक समाधान हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने गौशाला परिसर में पौधारोपण भी किया। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अनु. अधिकारी श्रीमती ज्योति परस्ते, थाना प्रभारी गोसलपुर, तहसीलदार सिहोरा पुष्पराज बघेल, जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती रश्मि मृगेंद्र अग्निहोत्री, जनपद अध्यक्ष श्री गिरजा जितेंद्र पालीवाल, सरपंच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
गौशाला समिति की ओर से संरक्षक अंकुर जैन, पूर्व अध्यक्ष अरुण जैन, कार्यकारी अध्यक्ष अनिल जैन, महामंत्री इं. सुनील जैन, कोषाध्यक्ष यतेंद्र जैन, सहमंत्री अमित जैन, कार्यालय मंत्री संदीप जैन, रानू जैन, प्रबंधक बिहारी लाल रजक, बृजेश उपाध्याय सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।



