एक्सक्लूसिव खबरेंप्रशासनमध्यप्रदेश

हजारों साल पुरानी विरासत के साक्षी बने दीप, झिंझरी के शैलाश्रयों में गूंजा संरक्षण का संकल्प!,276 प्राचीन शैलचित्रों ने खोले आदिमानव के जीवन के अनकहे राज, दीपदान के साथ विद्यार्थियों ने जाना कटनी का गौरवशाली इतिहास

कलयुग की कलम से राकेश यादव

हजारों साल पुरानी विरासत के साक्षी बने दीप, झिंझरी के शैलाश्रयों में गूंजा संरक्षण का संकल्प!,276 प्राचीन शैलचित्रों ने खोले आदिमानव के जीवन के अनकहे राज, दीपदान के साथ विद्यार्थियों ने जाना कटनी का गौरवशाली इतिहास

कटनी। – विश्व विरासत सप्ताह (19 से 25 नवंबर) और देवउठनी ग्यारस के पावन अवसर पर कटनी की हजारों वर्ष पुरानी ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहर झिंझरी के प्राचीन शैलाश्रय दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। जिला पंचायत कटनी और इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) के कटनी चैप्टर की संयुक्त पहल पर आयोजित दीपदान कार्यक्रम ने न केवल प्राचीन विरासत को नमन किया, बल्कि नई पीढ़ी को इतिहास और संस्कृति से जोड़ते हुए उसके संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में शिकागो पब्लिक स्कूल कटनी, फर्स्ट स्टेप एकेडमी कटनी एवं इनोवेशन पब्लिक स्कूल कैमोर के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने प्राचीन शैलाश्रयों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया। दीपों की रोशनी के बीच बच्चों ने जब हजारों वर्ष पुराने शैलचित्रों और चट्टानों पर उकेरे गए इतिहास को करीब से देखा तो उनके लिए यह अनुभव किसी खुली ऐतिहासिक पाठशाला से कम नहीं रहा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पर्यटन प्रभारी कमलेश सैनी, डॉ. अमित साहू, डॉ. चित्रा प्रभात, वंदना गेलानी, शिखा नारंग, ऋषभ तिवारी, प्रभु दयाल बैरागी, मनोज निगम, जुगल मिश्रा, मोहन नागवानी, एनैट विश्वास, शाहीन खानम, सुधीर सिंघानी, नीतू लालवानी एवं अनिल लालवानी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और संवर्धन में जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

14 शैलाश्रय, 276 चित्र… चट्टानों पर दर्ज है आदिमानव की कहानी

झिंझरी के प्राचीन शैलाश्रय कटनी की पुरातात्विक पहचान और गौरवशाली अतीत के महत्वपूर्ण प्रमाण हैं। यहां स्थित 14 शैलाश्रयों में आदिमानव की उपस्थिति के साक्ष्य मिले हैं। पर्यावरणविद् एवं इंटैक कटनी चैप्टर के संयोजक मोहन नागवानी ने बताया कि इन शैलाश्रयों में अब तक 276 शैलचित्रों को चिह्नित किया जा चुका है। इनमें गैंडे के तीन रेखांकन विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। ये चित्र उस दौर के प्राकृतिक परिवेश और वन्यजीव विविधता की कहानी बयां करते हैं।

उन्होंने बताया कि शैलचित्रों की प्राचीनता को लेकर अलग-अलग अनुमान व्यक्त किए गए हैं। कुछ चित्रों को लगभग 10 हजार वर्ष से लेकर 2 लाख वर्ष तक पुराना माना गया है। मान्यता है कि प्राचीन समय में इस क्षेत्र में दलदली भूमि रही होगी, जो गैंडों के विचरण के अनुकूल थी। संभवतः उसी प्राकृतिक परिवेश में विचरण करने वाले गैंडों को आदिमानव ने शैलखंडों पर उकेरा होगा।

प्राचीन औजारों ने दिखाई आदिमानव की जीवनशैली

कार्यक्रम के दौरान उत्खनन में प्राप्त आदिमानव के प्राचीन औजारों का प्रदर्शन भी किया गया। विद्यार्थियों को इन औजारों के माध्यम से उस समय के मानव के रहन-सहन, जीवनशैली, कार्य करने के तरीकों और परिस्थितियों से परिचित कराया गया। साथ ही शैलचित्रों के ऐतिहासिक महत्व और उनके निर्माण की परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि प्राकृतिक प्रभावों और मानवीय गतिविधियों से इस अमूल्य धरोहर को किस तरह नुकसान पहुंच सकता है।

विरासत बचाने की जिम्मेदारी अब नई पीढ़ी के कंधों पर

झिंझरी के शैलाश्रयों में आयोजित यह दीपदान कार्यक्रम केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि इतिहास के संरक्षण के प्रति जागरूकता का सार्थक प्रयास बना। विद्यार्थियों ने जाना कि चट्टानों पर उकेरे गए ये चित्र महज आकृतियां नहीं, बल्कि मानव सभ्यता के विकास की अनमोल गवाही हैं। हजारों वर्ष पुराने इन प्रमाणों को सुरक्षित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

दीपों की रोशनी ने यह संदेश दिया कि जिस विरासत ने हमारे अतीत को संजोकर रखा है, उसे भविष्य तक पहुंचाने के लिए आज संरक्षण का संकल्प लेना जरूरी है। झिंझरी के शैलाश्रयों को पहचान दिलाने और सुरक्षित रखने में जनभागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत साबित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button