चाक थामकर ‘गुरुजी’ बने एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी, बच्चों से पूछे गणित के सवाल,पटीराजा स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद, अनुशासन और नशामुक्ति का दिया संदेश
कलयुग की कलम से राकेश यादव

चाक थामकर ‘गुरुजी’ बने एडीशनल सीईओ अनुराग मोदी, बच्चों से पूछे गणित के सवाल,पटीराजा स्कूल में विद्यार्थियों से किया संवाद, अनुशासन और नशामुक्ति का दिया संदेश
कलयुग की कलम कटनी – मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विकासखंड बहोरीबंद के बाकल क्षेत्र में जनसंवाद और जनसमस्याओं के निराकरण का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। इसी क्रम में जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी एकीकृत माध्यमिक शाला पटीराजा पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और पढ़ाई के साथ अनुशासन को सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी बताया।
विद्यालय पहुंचने पर श्री मोदी ने बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका निभाते हुए चाक थामी और ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल हल किए। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों से गणित से जुड़े प्रश्न पूछकर उनकी समझ और आत्मविश्वास को परखा। कक्षा आठवीं की छात्रा रश्मि राय एवं स्वामी पटेल ने पूछे गए सवालों के सटीक उत्तर देकर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
विद्यार्थियों के जवाबों से प्रभावित होकर श्री मोदी ने उनकी सराहना की और पीठ थपथपाकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य हासिल करने के लिए केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए नियमित अध्ययन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया।
नशा बनता है विनाश का कारण
इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री मोदी ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति अभियान की जानकारी भी दी। उन्होंने नशीले और मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति बच्चों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सामुदायिक भागीदारी जरूरी है और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



